क्या है इस Fake Fielding की गणित, जिसके ‘चक्रव्यूह’ में फंस गए किंग कोहली
3 नवंबर को खेले गए ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के ग्रुप 12 स्टेज मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 5 रन से मात दी।
अद्यतन - नवम्बर 3, 2022 2:36 अपराह्न

3 नवंबर को खेले गए ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के ग्रुप 12 स्टेज मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 5 रन से मात दी। इस जीत के साथ भारत ने लगभग सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
इस मैच में बांग्लादेशी क्रिकेटर नुरुल हसन ने भारत के अनुभवी क्रिकेटर विराट कोहली पर ‘फेक फील्डिंग’ का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी कहा है कि अंपायर अगर इस पर एक्शन लेते और टीम इंडिया पर पेनल्टी लगाते तो मैच का नतीजा बांग्लादेश के पक्ष में होता।
बता दें, 185 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश टीम की शुरुआत काफी शानदार रही। लिटन दास और नजमुल हुसैन ने मिलकर शुरुआती 7 ओवर में 66 रन बनाए। हालांकि इसके बाद बारिश के चलते मैच को थोड़ी देर के लिए रोकना पड़ा। बारिश की वजह से इस मैच में ओवर कम किए गए और बांग्लादेश को 16 ओवर में 151 रन का लक्ष्य मिला।
हालांकि टीम की आक्रामक शुरुआत होने के बावजूद बांग्लादेश 16 ओवर में 6 विकेट खोकर 145 रन ही बना पाए और यह मुकाबला डकवर्थ लुईस नियम के हिसाब से 5 रन से हार गए। विकेटकीपर बल्लेबाज नुरुल हसन ने आखिरी में आकर अपनी टीम को जिताने की भरपूर कोशिश की लेकिन वो इसमें नाकाम रहे।
नुरुल हसन ने विराट कोहली पर लगाया आरोप
बता दें, यह सब हुआ दूसरी पारी के सातवें ओवर में। उस समय क्रीज पर लिटन दास और नजमुल हुसैन टिके हुए थे। इस ओवर की एक गेंद पर लिटन दास रन लेने भागे जब विराट कोहली ने ऐसा जताया कि उनके पास गेंद हैं और वो इसे फेंक रहे हैं, जबकि गेंद उनके पास नहीं थी।
Law 41.5.1 states: "It is unfair for any fielder wilfully to attempt, by word or action, to distract, deceive or obstruct either batsman after the striker has received the ball."#T20WorldCup | #BANvIND pic.twitter.com/Ej8XRAqrHo
— KTH (@TajkirHossen14) November 2, 2022
ESPNक्रिकइंफो के मुताबिक नुरुल हसन ने कहा कि, ‘देखिए मैदान गीला था और हम सब ने देखा कि कोहली ने क्या किया। मुझे लगता है कि जब हम फेक थ्रो के बारे में बात करते हैं तो इसका मतलब यह है कि दूसरी टीम को पेनेल्टी के रूप में 5 रन अतिरिक्त मिल जाते हैं, लेकिन किस्मत ने हमारा साथ नहीं दिया और इसी वजह से हम मैच हार गए।’
बता दें, मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (MCC) के नियम 41.5 के मुताबिक, ‘अगर फील्डिंग करने वाली टीम की ओर से किसी भी तरह का ऐसा एक्शन जानबूझकर किया जाता है जिससे बल्लेबाज की एकाग्रता भंग होती है तो अंपायर उस गेंद को डेड बॉल करार दे सकते हैं और इसके बाद बल्लेबाजी टीम के खाते में अतिरिक्त 5 रन भी जुड़ जाते हैं।’