टी-20 वर्ल्ड कप 2022: पाकिस्तान की 15 सदस्यीय टीम में फखर जमान को किया गया शामिल - क्रिकट्रैकर हिंदी

टी-20 वर्ल्ड कप 2022: पाकिस्तान की 15 सदस्यीय टीम में फखर जमान को किया गया शामिल

इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के दौरान चोटिल हुए थे उस्मान कादिर।

Fakhar Zaman. (Photo Source: Twitter)
Fakhar Zaman. (Photo Source: Twitter)

ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए पाकिस्तान की 15 सदस्यीय टीम में बड़ा बदलाव हुआ है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने लेग-स्पिनर उस्मान कादिर को  बाहर करके अनुभवी बल्लेबाज फखर जमान को टीम में शामिल किया है। उस्मान कादिर अब रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल होंगे।

बता दें, हाल ही में पाक टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ सात मुकाबलों की घरेलू टी-20 सीरीज खेली थी। इस सीरीज में एक मैच के दौरान कादिर के अंगूठे में फील्डिंग करते समय फ्रैक्चर हो गया था जिसके बाद उन्हें न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के खिलाफ खेली जा चुकी त्रिकोणीय सीरीज से बाहर कर दिया गया था। बता दें, इस त्रिकोणीय सीरीज को पाकिस्तान ने अपने नाम किया।

अनुमान लगाया जा रहा था कि ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले इस मुख्य टूर्नामेंट में कादिर टीम में जबरदस्त वापसी करेंगे लेकिन PCB ने उन्हें ही टीम से बाहर करके फखर जमान को शामिल किया है। वो अभी भी अपने अंगूठे में हुए फ्रैक्चर से उबर रहे हैं। उस्मान कादिर 22 अक्टूबर से पहले चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे, ऐसे में PCB को उन्हें स्क्वॉड से बाहर करना पड़ा।

टी-20 वर्ल्ड कप से पहले फिट हुए शाहीन अफरीदी

पाकिस्तानी प्रशंसकों के लिए एक और अच्छी खबर यह है कि तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी भी टीम के साथ इस टूर्नामेंट के लिए जल्द जुड़ेंगे।

सबसे अच्छी बात यह है कि पाकिस्तान को 17 अक्टूबर को इंग्लैंड और 19 अक्टूबर को अफगानिस्तान के खिलाफ वॉर्म अप मुकाबला खेलना है और इन दोनों ही मुकाबलों की लिए शाहीन अफरीदी उपलब्ध रहेंगे। टीम इस टूर्नामेंट का अपना पहला मुकाबला भारत के खिलाफ 23 अक्टूबर को खेलेगी।

बता दें, भारतीय टीम ने चोटिल जसप्रित बुमराह के विकल्प की घोषणा कर दी है। मोहम्मद शमी को उनकी जगह 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। इन दोनों ही टीमों के बीच यह मुकाबला काफी रोमांचक होने वाला है।

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए पाकिस्तान टीम:

बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान (उप-कप्तान), आसिफ अली, फखर जमान, हैदर अली, हारिस रऊफ, इफ्तिखार अहमद, खुशदिल शाह, मोहम्मद हसनैन, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह , शाहीन शाह आफरीदी और शान मसूद

रिजर्व खिलाड़ी:

मोहम्मद हारिस, शाहनवाज दहानी और उस्मान कादिर

close whatsapp