टी-20 वर्ल्ड कप 2022: सिडनी पुलिस ने रेप के आरोप में दनुष्का गुनाथिलका को किया गिरफ्तार - क्रिकट्रैकर हिंदी

टी-20 वर्ल्ड कप 2022: सिडनी पुलिस ने रेप के आरोप में दनुष्का गुनाथिलका को किया गिरफ्तार

दनुष्का गुनाथिलका हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के पहले दौर के दौरान बाहर हो गए थे।

Danushka Gunathilaka (Image Source: Getty Images)
Danushka Gunathilaka (Image Source: Getty Images)

ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के दौरान सिडनी में एक महिला द्वारा यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने के बाद श्रीलंकाई क्रिकेटर दनुष्का गुनाथिलका को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गुणथिलाका पर बिना सहमति के यौन संबंध बनाने के चार आरोप लगाए गए हैं।

29-वर्षीय महिला ने पिछले सप्ताह 31-वर्षीय क्रिकेटर के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज की थी। इन आरोपों की जांच के बाद पुलिस ने दनुष्का गुनाथिलका को रविवार यानी 6 नवंबर की सुबह सिडनी के टीम होटल से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, श्रीलंकाई क्रिकेटर और वह महिला कई दिनों से ऑनलाइन डेटिंग एप्लिकेशन पर चैट कर रहे थे। जिसके बाद वे 2 नवंबर को रोज बे में मिले और इस दौरान गुनाथिलका ने महिला के साथ बिना सहमति के यौन संबंध बनाए।

दनुष्का गुनाथिलका दुष्कर्म के आरोप में हुए गिरफ्तार

ऑस्ट्रेलियाई रिपोर्टों के अनुसार, सेक्स क्राइम स्क्वॉड और पूर्वी उपनगर पुलिस के जासूसों ने आरोपों की जांच के लिए स्ट्राइक फोर्स वेटरन गठित की, और उन्होंने रोज बे में अपराध स्थल की जांच की। जिसके बाद गुनाथिलका को सिडनी सीबीडी में ससेक्स स्ट्रीट के एक होटल में गिरफ्तार किया गया और एक स्थानीय पुलिस स्टेशन ले जाया गया। उन्हें पुलिस ने जमानत देने से इनकार कर दिया और अब वह 7 नवंबर को डाउनिंग सेंटर लोकल कोर्ट में पेश हो सकते है।

न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने एक बयान में कहा: “पीड़ित महिला एक ऑनलाइन डेटिंग एप्लिकेशन पर उस व्यक्ति के साथ कई दिनों तक चैट करने के बाद उससे मिली; आरोप है कि उसने बुधवार 2 नवंबर 2022 की शाम उसका यौन उत्पीड़न किया। विशेषज्ञ पुलिस ने जारी जांच के तहत कल रोज बे में एक पते पर अपराध स्थल की जांच की। आगे की पूछताछ के बाद, 31-वर्षीय व्यक्ति को सिडनी के ससेक्स स्ट्रीट के एक होटल में आज सुबह 1 बजे (रविवार 6 नवंबर 2022) गिरफ्तार किया गया। उसे सिडनी सिटी पुलिस स्टेशन ले जाया गया और बिना सहमति के यौन संबंध बनाने के चार आरोप लगाए गए। श्रीलंकाई नागरिक को आज AVL [ऑडियो विजुअल लिंक्स] के माध्यम से पररामट्टा जमानत अदालत में पेश होने के लिए जमानत देने से इनकार कर दिया गया।”

आपको बता दें, दनुष्का गुनाथिलका हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के पहले दौर के दौरान बाहर हो गए थे, लेकिन वह ऑस्ट्रेलिया में टीम के साथ ही थे। उन्होंने नवंबर 2015 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने के बाद से श्रीलंका के लिए 8 टेस्ट, 47 वनडे और 46 T20I मैच खेले हैं।

close whatsapp