वीरेंद्र सहवाग ने की ऐसी भविष्यवाणी, जिसे सुनकर खुशी से पागल हो जाएंगे पाक कप्तान बाबर आजम!
बाबर आजम को बल्लेबाजी करते हुए देखकर आपको खुशी होती है- वीरेंद्र सहवाग
अद्यतन - अक्टूबर 21, 2022 3:47 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में टी-20 वर्ल्ड कप 2022 का सुपर-12 राउंड 22 अक्टूबर से शुरू होने के लिए तैयार है। पहले मुकाबले में गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया पिछले टी-20 वर्ल्ड कप की फाइनलिस्ट न्यूजीलैंड से भिड़ेगी, इसके बाद इंग्लैंड और अफगानिस्तान के बीच दिन का दूसरा मैच खेला जाएगा। अब सुपर-12 राउंड शुरु होने के साथ ही पूर्व क्रिकेटरों और फैंस ने अपने-अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को चुनना शुरु कर दिया है।
लेकिन इसी बीच पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने पाकिस्तान टीम के कप्तान बाबर आजम को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। सहवाग का मानना है कि इस टी-20 वर्ल्ड कप में बाबर आजम सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज होंगे।
बाबर आज़म को लेकर वीरु ने करदी बड़ी भविष्यवाणी:
मुल्तान के सुल्तान कहे जाने वाले वीरेंद्र सहवाग ने क्रिकबज से बातचीत में बड़ा बयान दिया है। सहवाग ने कहा कि, ‘पाकिस्तान के बाबर आजम, वह शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्हें बल्लेबाजी करते हुए देखना बहुत अच्छा लगता है, जैसे विराट कोहली की बल्लेबाजी को देखकर आप शांति महसूस करते हैं। बाबर आजम को बल्लेबाजी करते हुए देखकर आपको खुशी होती है। वह (बाबर) टूर्नामेंट के टॉप रन-स्कोरर में से एक होंगे।’
बता दें कि वीरेंद्र सहवाग की भविष्यवाणियां आमतौर पर सच होती हैं। हाल ही में, डेविड वार्नर ने सहवाग के बारे में बताया कि, कैसे सहवाग खेल के सबसे लंबे प्रारूप में उनकी प्रतिभा को पहचानने वाले पहले लोगों में से एक थे। वार्नर ने बताया कि आईपीएल में सहवाग ने उनसे कहा था कि, वह एक शानदार टेस्ट खिलाड़ी बनेंगे, उनका यह बयान सुनकर वो भी हैरान रह गए थे।
साथ ही बता दें कि बाबर आजम की अगुवाई वाली पाकिस्तान 23 अक्टूबर रविवार को रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली टीम इंडिया के साथ अपना पहला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के ऐतिहासिक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेलेगी। इस हाई वोल्टेज मुकाबले में क्रिकेट फैंस को भरपूर रोमांच देखने को मिलेगा।