WI vs USA: T20 World Cup 2024 के सेमीफाइनल की रेस से USA हुआ बाहर, विंडीज के खिलाफ मिली करारी हार
पहले बल्लेबाजी करने उतरी अमेरिका ने 19.5 ओवर में 10 विकेट पर 128 रन बनाए।
अद्यतन - Jun 22, 2024 9:34 am

टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के 46वें मैच में वेस्टइंडीज और यूएसए की टीम आमने-सामने थी। इस मैच को मेजबान विंडीज ने 9 विकेट से अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएसए की टीम 19.5 ओवर में सिर्फ 128 रन बनाकर सिमट गई। जवाब में कैरेबियाई टीम ने इस टार्गेट को 10.5 ओवर में ही सिर्फ एक विकेट खोकर हासिल कर लिया।
टीम के सलामी बल्लेबाज शाई होप ने काफी विस्फोटक पारी खेली। इस हार के साथ ही यूएसए की टीम अब टी20 वर्ल्ड कप 2024 से लगभग बाहर हो गई है। वहीं वेस्टइंंडीज ने जबरदस्त जीत के साथ सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखा है।
WI vs USA: यूएसए के बल्लेबाज नहीं खेल पाए बड़ी पारी
मुकाबले की बात करें तो वेस्टइंडीज के कप्तान रोवमैन पॉवेल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया जो बिल्कुल सही साबित हुआ। यूएसए की शुरुआत अच्छी नहीं रही और महज 3 रन के स्कोर पर ही टीम को पहला झटका लग गया। इसके बाद एंड्रीस गौस और नितीश कुमार ने कुछ देर तक पारी को संभाला लेकिन इनके आउट होते ही पूरी टीम धराशायी हो गई।
इसके बाद गौस ने 16 गेंद पर 29 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जबकि नितीश कुमार ने 19 गेंद पर 20 रन बनाए। हालांकि बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और इसी वजह से पूरी टीम 19.5 ओवर में 128 रन बनाकर ऑलआउट गई। वेस्टइंडीज की तरफ से आंद्रे रसेल और रोस्टन चेज ने 3-3 विकेट लिए।
WI vs USA: शाई होप ने तूफानी पारी खेलकर दिलाई जीत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज को शाई होप और जॉनसन चार्ल्स की सलामी जोड़ी ने तूफानी शुरुआत दी। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 7 ओवरों में 67 रन बना दिए। जॉनसन चार्ल्स इस दौरान सिर्फ 15 रन ही बना सके लेकिन शाई होप ने काफी तूफानी पारी खेली। उन्होंने 39 गेंद पर 4 चौके और 8 छक्के की मदद से नाबाद 82 रन बनाए। टी20 इंटरनेशनल में ये शाई होप का सर्वाधिक स्कोर है। रोस्टन चेज को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला।