T20 World Cup 2026, Super 8: वेस्टइंडीज बनाम साउथ अफ्रीका मैच में कैसा रहेगा मौसम का हाल व पिच का मिजाज? यहां जानें
दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा
अद्यतन - Feb 25, 2026 8:00 pm

वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के बीच जारी आईसीसी मैन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 47वां मैच खेला जाएगा। सुपर 8 का यह रोमांचक मैच 26 फरवरी को नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में आयोजित होगा। सुपर 8 डबल हेडर का यह पहला मैच होगा, जो दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा।
सेमीफाइनल में पहुंचने के लिहाज से यह मैच दोनों ही टीमों के लिए काफी महत्वपूर्ण मैच है। साथ ही दोनों ही टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। क्योंकि दोनों ही टीमों ने अपने पिछले मैच में बड़ी जीत दर्ज की है। साउथ अफ्रीका ने सुपर 8 में सह-मेजबान भारत को 76 रनों से हराया था। तो वहीं, वेस्टइंडीज ने सुपर 8 के अपने पहले मैच में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में जिम्बाब्वे को 107 रनों के बड़े अंतर से हराया था।
वेस्टइंडीज बनाम साउथ अफ्रीका, मैच डिटेल्स
| मैच | वेस्टइंडीज बनाम साउथ अफ्रीका, सुपर 8 मैच 47, टी20 वर्ल्ड कप 2026 |
| तारीख व समय (IST) | गुरूवार 26 फरवरी, दोपहर 3 बजे से |
| वेन्यू | नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद |
| ब्राॅडकास्ट और लाइव स्ट्रीमिंग | JioStar नेटवर्क चैनल और JioHotstar (ऐप और वेबसाइट) |
नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद पिच रिपोर्ट
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अब तक T20 वर्ल्ड कप 2026 के पांच मैच खेले जा चुके हैं, और सभी में काफी अधिक रन बने हैं। इसलिए, वेस्टइंडीज बनाम साउथ अफ्रीका के मुकाबले में रनों की बौछार की उम्मीद की जा सकती है, खासकर जब दोनों टीमों में कई बड़े-बड़े बल्लेबाज मौजूद हैं। पिच थोड़ी फिसलन भरी हो सकती है, लेकिन जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा, पिच बेहतर होती जाएगी। टाॅस जीतकर कप्तान पहले बल्लेबाजी करने का फैसला कर सकते हैं।
अहमदाबाद, मौसम रिपोर्ट
अहमदाबाद में मैच दोपहर 3 बजे (भारतीय समयानुसार) शुरू होगा, इसलिए खिलाड़ियों को गर्मी का सामना करना पड़ सकता है, खासकर मैच की पहली पारी में। 1 बजे के बाद दिन का तापमान बढ़ने लगेगा। मैच के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। अहमदाबाद में धूप खिली रहेगी। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, मैच के दौरान तापमान 34 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।