IND vs ENG Semi final: लो स्कोरिंग थ्रिलर के लिए हो जाइए तैयार, गेंदबाजों का रहेगा दबदबा, आंकड़े दे रहे हैं गवाही
दोनों टीमों के बीच यह मैच गुयाना में खेला जाएगा।
अद्यतन - जून 27, 2024 4:36 अपराह्न

T20 World Cup 2024, IND vs ENG 2nd Semi final: जारी टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा सेमीफाइनल मैच आज 27 जून को भारत और इंग्लैंड के बीच गुयाना के प्रोवीडेंस स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों ही टीमें इस मैच को अपने नाम कर, फाइनल के लिए क्वालिफाई करना चाहेंगी।
भारत इस सेमीफाइनल तक का सफर तय करने से पहले लगातार मैच जीतकर यहां तक पहुंचा है, तो वहीं इंग्लैंड का सफर थोड़ा उतार-चढाव वाला रहा, लेकिन टीम ने सुपर 8 में अपनी पुरानी लय को दोबारा से वापिस हासिल कर लिया।
तो वहीं इस मैच में एक बार फिर से क्रिकेट फैंस को गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिल सकता है। हालांकि, मैदान पर हुए मैच, स्टैट्स व रिकाॅर्ड्स को देखकर लग रहा है कि क्रिकेट फैंस को एक लो स्कोरिंग मैच देखने को मिलने जा रहा है।
ज्यादा हाई स्कोर नहीं
बता दें कि प्रोवीडेंस स्टेडियम पर सबसे ज्यादा स्कोर एक पारी में बनाने का रिकाॅर्ड इंग्लैंड के नाम है, जब उसने साल 2010 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 191 रन बनाए थे। हालांकि, जारी टी20 वर्ल्ड कप के कुल 11 मैच अभी तक यहां पर हुए हैं और कुल 5 टीमें ही हैं, जो इस मैदान पर 150 से ज्यादा रनों का स्कोर बना पाई हैं।
बहुत सारे कम स्कोर
बता दें कि इस मैदान पर जारी टी20 वर्ल्ड कप में कुछ लो स्कोर मैच भी देखने को मिले हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ एक मुकाबले में युगांडा तो सिर्फ 39 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। साथ ही इस टी20 वर्ल्ड कप में 6 टीमें ऐसी हैं, जो इस मैदान पर 100 से ज्यादा रन नहीं बना पाई हैं।
विकेट मिलने वाला मैदान
प्रोवीडेंस स्टेडियम पर जारी टी20 वर्ल्ड कप में खेले गए कुल मैचों में हर 15.98 रन पर 1 विकेट गिरता है। मैदान पर हुए 18 टी20 मैचों में 16.74 के स्ट्राइक रेट से कुल 198 विकेट गिरे हैं। तो वहीं इस मैदान पर औसत स्कोर 142 रन हैं, जो जारी टी20 वर्ल्ड कप में गिरकर 130 रनों का रह गया है।
टारगेट पीछा करने के लिए मुश्किल मैदान
कुल मिलाकर इस मैदान पर अभी तक टी20 के 18 मैच खेले गए हैं, जिसमें पहली पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 7.50 के रन-रेट से रन बनाए हैं, तो वहीं दूसरी पारी में यह रन रेट गिरकर 6.50 पर आ जाता है। इस स्टैट से आप अंदाजा लगा सकते हैं कि मैदान पर रनों का पीछा करना आसान नहीं है।