मैंने जब से सुना है कि विराट कोहली को वेस्टइंडीज दौरे में आराम दिया है तब से मैं काफी खुश हूं: आशीष नेहरा
विराट को ब्रेक की बेहद जरूरत है। वो आराम से तीन से चार हफ्तों तक बैठकर सोच सकते हैं कि भविष्य में उनको अब आगे क्या करना है: आशीष नेहरा
अद्यतन - Jul 15, 2022 4:22 pm

भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा का मानना है कि भारतीय चयनकर्ताओं ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जाने वाली लिमिटेड ओवर्स सीरीज में टीम के धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली को आराम देकर अच्छा काम किया है।
विराट कोहली ने 14 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा चुके दूसरे वनडे मुकाबले में मात्र 16 रन बनाए थे। 17 जुलाई को इन दोनों टीमों के बीच आखिरी वनडे मुकाबला है। इस मुकाबले में विराट कोहली बड़ा स्कोर बनाने को देखेंगे। यह इंग्लैंड दौरे का आखिरी मुकाबला है और इसके बाद भारतीय टीम 22 जुलाई से शुरू हो रही वनडे सीरीज के लिए वेस्टइंडीज के लिए रवाना हो जाएगी। इस दौरे के लिए विराट कोहली को आराम दिया गया है।
सोनी स्पोर्ट्स में बातचीत के दौरान आशीष नेहरा ने विराट कोहली का साथ देते हुए कहा कि, ‘अब बस आखिरी वनडे मुकाबला बचा है और उसके बाद भारतीय टीम वेस्टइंडीज के लिए रवाना हो जाएगी। विराट को ब्रेक की बेहद जरूरत है। वो आराम से तीन से चार हफ्तों तक बैठकर सोच सकते हैं कि भविष्य में उनको अब आगे क्या करना है। इसके बाद वो जबरदस्त वापसी कर सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि, ‘विराट कोहली इस समय बड़ा स्कोर नहीं बना पा रहे हैं लेकिन हम सबको पता है कि विराट कोहली कैसे खिलाड़ी हैं। वो काफी अनुभवी खिलाड़ी हैं और एक बार उनके बल्ले से रन आना शुरू हो गए तो उनको रोकना काफी मुश्किल हो जाएगा।
ब्रेक लेने के बाद विराट कोहली लगातार रन बना सकते हैं: आशीष नेहरा
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज ने विराट कोहली के लिए आगे कहा कि, ‘कोहली इस समय अपने फॉर्म में नहीं चल रहे हैं लेकिन हम सब उनकी काबिलियत के बारे में जानते हैं। मुझे काफी अच्छा लगा जब पता चला कि विराट कोहली वेस्टइंडीज दौरे के लिए नहीं जा रहे हैं।
अगर उन्हें बड़ा स्कोर बनाना है तो ब्रेक लेना बेहद जरूरी है। ब्रेक लेकर वो अपनी तकनीक और शॉट्स पर काम कर सकते हैं। साथ ही वो अपने भविष्य के बारे में भी सोच सकते हैं। अभी विराट कोहली के अंदर काफी क्रिकेट बचा हुआ है और मुझे पूरी उम्मीद है कि वो जबरदस्त वापसी करेंगे।