IRE v IND: दूसरे T20I में शानदार पारी खेलने वाले गायकवाड़ ने जमकर की एमएस धोनी की तारीफ
आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में गायकवाड़ ने खेली 58 रनों की पारी।
अद्यतन - Aug 21, 2023 2:04 pm

टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ ने आयरलैंड के खिलाफ दूसरे T20I में 43 गेंदों में 58 रनों की तूफानी पारी खेली। इस पारी के बदौलत टीम इंडिया ने दूसरे टी-20 मैच को 33 रनों से अपने नाम किया और साथ ही में सीरीज में भी 2-0 की अजेय बढ़त हासिल की। इसी बीच भारत की युवा बल्लेबाजी सनसनी रुतुराज गायकवाड़ ने 20 अगस्त को डबलिन के मालाहाइड क्रिकेट क्लब में आयरलैंड पर दूसरे टी20 मैच में जीत के बाद महान क्रिकेटर एमएस धोनी से मिली सलाह का खुलासा किया।
गायकवाड़ ने कहा कि, कप्तानी की भूमिका बहुत जटिल है, और भारत के पूर्व कप्तान ने पहले उनसे कहा था कि एक समय में एक मैच पर ही ध्यान दें और भविष्य के बारे में चिंता न करें। उन्होंने यह भी कहा कि वह आमतौर पर सोशल मीडिया को ज्यादा फॉलो नहीं करते हैं, जो कि उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) में सीखा है।
मैच के बाद हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, “ईमानदारी से कहूं तो मुझे लगता है कि कप्तानी की भूमिका बहुत जटिल है। माही भाई हमेशा कहते हैं कि एक समय में एक ही मैच पर ध्यान दो। बस वर्तमान में रहो, भविष्य की चिंता मत करो। हर कोई प्रचार करता है चाहे वह कुछ भी हो।
मैं उस तरह का व्यक्ति नहीं हूं जो वास्तव में सोशल मीडिया देखता है और सुनता है कि कोई मेरे बारे में क्या कह रहा है। मुझे लगता है कि यह उन गुणों में से एक है जो मैंने सीएसके में सीखा है। मैं मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ देने, घर वापस आने, अपने दोस्तों के साथ मस्ती करने के बारे में ज्यादा सोचता हूं।”
मेरे लिए कप्तानी का मतलब बाकी के दस खिलाड़ियों को अधिकतम आत्मविश्वास देना है: गायकवाड़
रुतुराज गायकवाड़ आगामी एशियन गेम्स में टीम इंडिया की कप्तानी करते हुए दिखेंगे, जो 23 सितंबर से चीन के हांग्जो में शुरू होने वाले हैं। 26 वर्षीय ने कहा कि उनके लिए कप्तानी का मतलब अपने साथी खिलाड़ियों को अधिकतम आत्मविश्वास देना है।
गायकवाड़ ने आगे कहा कि, “मेरे लिए कप्तानी का मतलब उन दस खिलाड़ियों को अधिकतम आत्मविश्वास देना है, जो खेल रहे हैं। कभी-कभी बल्लेबाजों और गेंदबाजों की अपनी योजनाएं होती हैं, वे वास्तव में खेल के बारे में अपने दृष्टिकोण से सोच रहे होते हैं। इसलिए, मुझे लगता है कि उस पल में उनका समर्थन करना महत्वपूर्ण है। खेल के बाद हमेशा यह संभावना रहती है कि क्या गलत हुआ, हम क्या सुधार कर सकते थे। मेरे लिए खेल में विशेष रूप से, यह खिलाड़ियों को स्वतंत्रता देने के बारे में है।”