बुमराह जब भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे उन्हें अपनी लय को वापस हासिल करने में काफी समय लगेगा: सोहेल तनवीर - क्रिकट्रैकर हिंदी

बुमराह जब भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे उन्हें अपनी लय को वापस हासिल करने में काफी समय लगेगा: सोहेल तनवीर

पीठ की चोट की वजह से जसप्रीत बुमराह ने पिछले साल सितंबर महीने के बाद से एक भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है।

Jasprit Bumrah and Sohail Tanvir (Pic Source-Twitter)
Jasprit Bumrah and Sohail Tanvir (Pic Source-Twitter)

पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज सोहेल तनवीर का मानना है कि भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह जब भी अपनी चोट से उभर कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे तब उन्हें अपनी लय को हासिल करने में थोड़ा समय जरूर लगेगा। बता दें, पीठ की चोट की वजह से जसप्रीत बुमराह ने पिछले साल सितंबर महीने के बाद से एक भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है।

पीठ में लगी चोट की वजह से ना तो जसप्रीत बुमराह एशिया कप 2022 में खेल पाए थे और ना ही टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में। इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी सत्र से भी उन्हें आधिकारिक तौर पर बाहर कर दिया गया है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इस सत्र के फाइनल में भी उनका खेलना काफी मुश्किल लग रहा है।

सोहेल तनवीर की मानें तो जब भी तेज गेंदबाजों को ऐसी चोट लगती है तो उन्हें अपनी लय को वापस प्राप्त करने में काफी समय लगता है। सोहेल तनवीर ने स्पोर्ट्स यारी को बताया कि, ‘जब भी ऐसी बड़ी चोट लगती है तो गेंदबाजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मैंने भी यह झेला है। मेरे घुटने की सर्जरी हुई थी। मैंने सिर्फ 2 साल खेला था और उसके बाद मुझे अपने घुटने में काफी दर्द महसूस हुआ था। मैंने सर्जरी करवाई, रिहैब भी इतनी अच्छी तरह से नहीं गया।’

पूर्व तेज गेंदबाज ने आगे कहा कि, ‘लेकिन जब आप किसी बड़ी चोट से वापसी करते हैं उदाहरण के तौर पर पीठ या फिर घुटने की तो चीजों को पूरी तरह से ठीक होने में थोड़ा बहुत समय जरूर लगता है। जब आप वापस खेलने की शुरुआत करते हैं तो लय को भी वापस हासिल करने में समय व्यतीत होता है।’

जब भी बुमराह वापसी करेंगे तो आपको उनमें काफी फर्क दिखेगा: सोहेल तनवीर

सोहेल तनवीर ने आगे कहा कि, ‘मुझे नहीं पता कि जसप्रीत बुमराह की इस समय क्या परिस्थिति है लेकिन उन्हें अभी आराम करने की बेहद जरूरत है। और अगर वो वापसी कर भी लेते हैं तब भी आपको वही बुमराह नजर नहीं आएंगे जैसे वो पहले थे।’

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड भी इस तेज गेंदबाज को लेकर कोई भी जल्दबाजी नहीं करना चाहता है। आशंका लगाई जा सकती है कि इस साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप 2023 में हम उनको खेलते हुए देख सकें हालांकि अभी इस को लेकर भी कोई बयान नहीं दिया जा सकता है।

close whatsapp