Champions Trophy: सौरव गांगुली की कप्तानी में 2002 में चैंपियन बना था भारत, जानें पूरी कहानी- क्रिकट्रैकर हिंदी

Champions Trophy: सौरव गांगुली की कप्तानी में 2002 में चैंपियन बना था भारत, जानें पूरी कहानी-

चैंपियंस ट्रॉफी 2002 में सौरव गांगुली थे भारत के कप्तान।

Team India (Photo Source: Getty Images)
Team India (Photo Source: Getty Images)

भारतीय टीम ने पिछले साल जून में साउथ अफ्रीका को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीता था। अब रोहित शर्मा एंड कंपनी की नजरें आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 पर कब्जा करने की है, जिसकी शुरुआत 19 फरवरी से हो रही है।

भारत 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले से चैंपियंस ट्रॉफी में अपने कैंपेन की शुरुआत करेगा। इस बीच, आइए आपको बताते हैं कि चैंपियंस ट्रॉफी के तीसरे संस्करण में टीम का प्रदर्शन कैसा था-

चैंपियंस ट्रॉफी 2002 में 12 टीमों ने लिया था भाग

चैंपियंस ट्रॉफी का तीसरा संस्करण 2002 में श्रीलंका में खेला गया था। इसमें 12 देशों ने भाग लिया था, जिसमें से 10 टेस्ट प्लेइंग नेशन, केन्या के साथ, जिनके पास फुल वनडे इंटरनेशनल का दर्जा था, और नीदरलैंड्स, जो 2001 ICC ट्रॉफी के विजेता थे। टीमों को चार पूल में बांटा गया था, जिनमें से प्रत्येक में तीन टीमें थीं। पूल राउंड में, प्रत्येक टीम ने अपने पूल में अन्य दो टीमों के साथ एक बार मैच खेला। प्रत्येक पूल से टॉप टीम सेमीफाइनल में पहुंची, जिसके बाद फाइनल खेला गया था।

पूल राउंड में इंग्लैंड और जिम्बाब्वे को भारत ने दी थी मात

भारतीय टीम इंग्लैंड और जिम्बाब्वे के साथ पूल राउंड में पूल-2 में था। इस राउंड में दोनों ही मैचों में जीत दर्ज कर टीम सेमीफाइनल में पहुंची थी। चैंपियंस ट्रॉफी 2002 का पहला सेमीफाइनल भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेला गया था। टीम ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 261 रन बनाए थे। इसके जवाब में साउथ अफ्रीका 251 रन ही बना पाई थी और भारत ने 10 रन से शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।

फाइनल में श्रीलंका से भिड़ा था भारत

फाइनल मुकाबला श्रीलंका और भारत के बीच कोलंबो में खेला गया था। मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी कर भारत को 245 रनों का लक्ष्य दिया था। लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने दो ओवरों में बिना कोई विकेट गंवाए 14 रन बना लिए थे, लेकिन फिर भारी बारिश के चलते मैच रोक दिया गया।

30 सितंबर को रिजर्व डे के दिन जब मैच वापस से शुरू हुआ तो, श्रीलंका ने पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट खोकर 222 रन बनाए थे। टीम इंडिया लक्ष्य का पीछा करने उतरी और बारिश आने से पहले 8.4 ओवरों में एक विकेट खोकर 38 रन बना लिए थे। लेकिन फिर भारी बारिश के चलते मैच रद्द कर दिया गया और भारत और श्रीलंका को संयुक्त रूप से चैंपियन घोषित किया गया था।

चैंपियंस ट्रॉफी 2002 में भारत का स्क्वॉड-

सौरव गांगुली (कप्तान), राहुल द्रविड़ (उप-कप्तान), सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, दिनेश मोंगिया (विकेटकीपर), मोहम्मद कैफ, अनिल कुंबले, हरभजन सिंह, जहीर खान, अजीत अगरकर, युवराज सिंह, जय प्रकाश यादव, आशीष नेहरा, वीवीएस लक्ष्मण, जवागल श्रीनाथ

close whatsapp