दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए भारतीय खिलाड़ियों के दिल्ली में हाजरी देने की तारीख का हुआ खुलासा
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम 2 जून को दिल्ली पहुंचेगी।
अद्यतन - मई 31, 2022 1:22 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 15वें संस्करण के सफलतापूर्वक आयोजन के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अब अपना ध्यान आगामी अंतरराष्ट्रीय असाइनमेंट और घरेलू सीजन पर केंद्रित कर दिया है। 9 जून से भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सीमित ओवरों की सीरीज खेली जानी हैं, जिसके लिए बीसीसीआई (BCCI) ने तैयारियां भी शुरू कर दी है। इस सीरीज के अन्य मुकाबले 12, 14, 17 और 19 जून को खेले जाने हैं।
टीम इंडिया 9 जून से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी करने जा रही है, और बीसीसीआई (BCCI) ने अपने खिलाड़ियों को 5 जून को दिल्ली में इकट्ठा होने का आदेश दिया है, जहां आगामी घरेलू सीरीज का पहला मैच खेला जाना है।
भारतीय टीम को 5 जून तक दिल्ली पहुंचना होगा
आपको बता दें, आगामी इंग्लैंड दौरे को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया है, और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की कमान केएल राहुल (कप्तान) और ऋषभ पंत (उप-कप्तान) को सौंपी हैं। वहीं दूसरी ओर, क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (CSA) ने पुष्टि की है कि टेम्बा बावुमा के नेतृत्व वाली मेहमान टीम 2 जून को दिल्ली पहुंचेगी।
क्रिकबज के अनुसार, दिल्ली और डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट संघ (DDCA) के एक अधिकारी ने भारतीय टीम के आगमन की तारीख 5 जून की पुष्टि की है। उन्होंने यह भी बताया कि दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए चयनित खिलाड़ियों को बीसीसीआई (BCCI) ने 30 मई को संदेश भेज दिया था कि उन्हें 5 जून तक दिल्ली में अपनी हाजरी देनी हैं।
यहां देखिए दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए भारत की टी-20 अंतरराष्ट्रीय टीम –
केएल राहुल (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़, ईशान किशन, दीपक हुड्डा, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (उप-कप्तान/विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, वेंकटेश अय्यर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, अवेश खान, अर्शदीप सिंह, उमरान मलिक।