‘टेस्ट क्रिकेट ने एक कप्तान के रूप में उन्हें खो दिया है…’- विराट कोहली को लेकर इयोन मोर्गन ने कही बड़ी बात
विराट कोहली ने जनवरी 2022 में टेस्ट कप्तानी पद से इस्तीफा दिया था।
अद्यतन - जून 13, 2023 12:14 अपराह्न

आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 209 रनों से शर्मनाक हार झेलनी पड़ी। इस हार के बाद एक बार फिर भारत के आईसीसी ट्रॉफी जीतने का सपना टूट गया। भारत ने विराट कोहली की कप्तानी में पिछले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भी जगह बनाई थी लेकिन टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
इसी बीच इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन का मानना है कि टेस्ट क्रिकेट काफी ज्यादा चुनौतियों से भरा हुआ है। साथ ही इयोन मोर्गन ने विराट कोहली को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि टेस्ट क्रिकेट ने एक कप्तान के रूप में विराट कोहली को खो दिया है।
विराट टेस्ट क्रिकेट से प्यार करते थे- इयोन मोर्गन
विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट के इतिहास के चौथे सफल कप्तान है। विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने 58 मैचों में से 40 मैचों में जीत दर्ज की है। वहीं उनका विनिंग प्रतिशत 58.82 रहा है। हालांकि जनवरी 2022 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 1-2 से सीरीज हारने के बाद उन्होंने टेस्ट कप्तानी पद से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद उनसे वनडे फॉर्मेट की कप्तानी भी ले ली गई थी।
आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के बाद इयोन मोर्गन ने द मिरर पर बात करते हुए कहा, ‘मेरे लिए टेस्ट क्रिकेट अभी भी अविश्वसनीय है। लेकिन यह वास्तव में इसके लिए चुनौतीपूर्ण समय है। इसने विराट कोहली को एक टेस्ट कप्तान के रूप में खो दिया है और उन्होंने हमेशा स्पष्ट रूप से कहा कि वह इसे कितना प्यार करते थे और इसके बारे में भावुक थे।’
स्टोक्स को लेकर मोर्गन ने कही यह बात
इंग्लैंड क्रिकेट टीम की टेस्ट रणनीतियों की चर्चा इस वक्त पूरी दुनिया में हो रही है। बेन स्टोक्स और हेड कोच ब्रैंडन मैक्कुलम की रणनीतियां टेस्ट क्रिकेट के स्तर को बढ़ाने का काम कर रही है। पिछले साल 13 टेस्ट मैचों में से बेन स्टोक्स ने 11 टेस्ट मैचों में जीत दर्ज की थी। इयोन मोर्गन बेन स्टोक्स के खेल की भी जमकर तारीफ करते हुए नजर आए। मोर्गन ने आगे बात करते हुए कहा, ‘स्टोक्स वही है, और उन्होंने खेल को जितना संभव हो उतना आकर्षक बनाने के लिए एक बड़ी जिम्मेदारी ली है।’