आईपीएल 2023: क्या राशिद खान का हक सूर्यकुमार यादव छीन ले गए? आकाश चोपड़ा से निराश हो सकते हैं सूर्या
राशिद खान ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ गेंद और बल्ले दोनों से जबरदस्त प्रदर्शन किया था।
अद्यतन - May 13, 2023 5:16 pm

सूर्यकुमार यादव ने भले ही 12 मई को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस (MI) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेले गए जारी आईपीएल 2023 के 57वें मैच में शतकीय पारी खेली हो, लेकिन राशिद खान की इस मैच में खेली गई तूफानी पारी भारतीय स्टार की पारी से पीछे नहीं थी।
अगर टोटल प्रदर्शन की बात करे तो राशिद खान ने सूर्यकुमार यादव से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है, क्योंकि उन्होंने MI vs GT मैच में न केवल चार विकेट झटके, बल्कि मात्र 32 गेंदों में 79* रनों की धुआंधार पारी भी खेली। जिसके बावजूद गुजरात टाइटंस (GT) के स्पिनर को प्लेयर ऑफ द मैच नहीं चुना गया, बल्कि सूर्यकुमार यादव को उनकी 49 गेंदों में 103* रनों की शानदार पारी के लिए यह अवार्ड दिया गया।
इस मैच का सबसे मूल्यवान खिलाड़ी राशिद खान हैं: आकाश चोपड़ा
इस बीच, गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ मुंबई इंडियंस (MI) की 27 रनों की जीत के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर और ब्रॉडकास्टर आकाश चोपड़ा ने कहा प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड के असली हकदार राशिद खान थे, न कि सूर्यकुमार यादव, क्योंकि GT के स्टार स्पिनर ने गेंद और बल्ले दोनों के साथ जबरदस्त प्रदर्शन किया था। पूर्व क्रिकेटर ने कहा अगर अफगान स्टार को किसी अन्य क्रिकेटर का सपोर्ट मिलता, तो वह GT के लिए मैच जीतकर ही लौटता।
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो में कहा: “मेरी राय में मैच का सबसे मूल्यवान खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव नहीं है। मेरे लिए इस मैच का सबसे मूल्यवान खिलाड़ी राशिद खान हैं। अगर उन्हें किसी और से थोड़ी मदद मिल जाती, और अगर गुजरात टीम 55/5 नहीं होती, तो राशिद अकेले खुद के दम पर उन्हें मैच जिता देते।
मुंबई ने 218 रन बनाए, और राशिद खान ने चार विकेट लिए, जिसमें दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट (रोहित शर्मा और ईशान किशन), फिर नेहल वधेरा का विकेट और फिर टिम डेविड का विकेट शामिल थे। इससे ज्यादा कोई और क्या कर सकता है?”