नितिन मेनन का फैब 4 और उनके 100वें टेस्ट मैच के साथ का खास कनेक्शन
न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्राइस्टचर्च में दूसरा टेस्ट शुरू हो चुका है।
अद्यतन - Mar 8, 2024 12:34 pm

आईसीसी एलीट पैनल के शानदार अंपायर नितिन मेनन इस समय क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेले जा रहे न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरे टेस्ट में फील्ड अंपायर की भूमिका निभा रहे हैं। बता दें, यह न्यूजीलैंड के शानदार खिलाड़ी केन विलियमसन और Tim Southee का 100वां अंतरराष्ट्रीय टेस्ट मुकाबला है।
इस समय की बल्लेबाजी के फैब 4 में केन विलियमसन के अलावा भारत के बेहतरीन बल्लेबाज विराट कोहली, इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट और ऑस्ट्रेलिया के धुआंधार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को शामिल किया जाता है। सबसे खास बात यह है कि इन सभी फैब 4 के 100वें मैच में नितिन मेनन ने अंपायरिंग की है।
विराट कोहली ने अपना 100वां टेस्ट मुकाबला श्रीलंका के खिलाफ मोहाली में मार्च 2022 में खेला था। नितिन मेनन और वीरेंद्र शर्मा इस मैच के फील्ड अंपायर थे। जो रूट ने अपना 100वां टेस्ट मुकाबला भारत के खिलाफ चेन्नई में फरवरी 2021 में खेला था और इस मैच में भी नितिन मेनन अंपायरिंग कर रहे थे और उनके साथ अनिल चौधरी को इस भूमिका में देखा गया था। जो रूट ने इस मैच में 218 रन बनाए थे और वो पहले खिलाड़ी थे जिन्होंने अपने 100वें टेस्ट में दोहरा शतक जड़ा था।
स्टीव स्मिथ ने ऑस्ट्रेलिया की ओर से 100वां टेस्ट इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई 2023 में खेला था। इंग्लैंड ने इस मैच को तीन विकेट से अपने नाम किया था। नितिन मेनन के साथ कुमार धर्मसेना ने अंपायरिंग की थी।
दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया काफी अच्छी स्थिति में है
न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्राइस्टचर्च में दूसरा टेस्ट शुरू हो चुका है। न्यूजीलैंड ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 162 रन बनाए। टीम की ओर से टॉम लाथम ने 38 रनों की पारी खेली जबकि मैट हेनरी ने 29 रनों का योगदान दिया। कप्तान Tim Southee ने 26 रनों की पारी खेली। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट खोकर 124 रन बना लिए हैं।
मार्नस लाबुशेन 45* रन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं जबकि नाथन लियोन 8* रन पर खेल रहे है। अभी तक मैट हेनरी ने न्यूजीलैंड की ओर से तीन विकेट हासिल कर लिया है जबकि एक विकेट Ben Sears ने झटका है। खेल का दूसरा दिन दोनों टीमों के लिए काफी महत्वपूर्ण होगा।