BGT 2024: पहले दिन का खेल बारिश की वजह से हुआ खराब तो क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने फैंस को दिया शानदार तोहफा
पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में बिना विकेट खोए 28 रन बना लिए हैं।
अद्यतन - Dec 14, 2024 4:44 pm

आज यानी 14 दिसंबर से ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच तीसरे टेस्ट मैच की शुरुआत ब्रिसबेन के गाबा स्टेडियम में हुई। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। हालांकि, बारिश की वजह से पहले दिन सिर्फ 13.2 ओवर का ही खेल हो सका। दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में बिना विकेट खोए 28 रन बना लिए हैं।
बारिश के कारण तमाम फैंस को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ी। फैंस को उम्मीद थी कि उन्हें ब्रिसबेन में पहले दिन रोमांचक क्रिकेट देखने को मिलेगा, लेकिन लगातार बारिश होने की वजह से ऐसा नहीं हो पाया। हालांकि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने तमाम क्रिकेट फैंस को शानदार तोहफा दिया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पहले दिन के खेल के टिकट का पूरा रिफंड क्रिकेट फैंस को देगा, क्योंकि ब्रिसबेन के खेल के पहले दिन 15 ओवर से कम ओवर फेंके गए थे।
पहले दिन का खेल बारिश की वजह से हुआ रद्द
बता दें कि, पहले दिन के खेल के खत्म होने तक उस्मान ख्वाजा तीन चौकों की मदद से 19* रन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं, जबकि युवा सलामी बल्लेबाज Nathan McSweeney ने 4* रन बना लिए हैं। मुकाबले के लिए टीम इंडिया ने अपनी प्लेइंग XI में दो बड़े बदलाव किए हैं। रविचंद्रन अश्विन और हर्षित राणा की जगह रवींद्र जडेजा और आकाश दीप को तीसरे टेस्ट में मौका मिला है। वहीं ऑस्ट्रेलिया में जोश हेजलवुड की वापसी हुई है।
तीसरे टेस्ट के खेल का दूसरा दिन दोनों ही टीमों के लिए काफी महत्वपूर्ण होने वाला है। फिलहाल 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं। दोनों ही टीमों को अगर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में अपनी जगह पक्की करनी है, तो उन्हें बचे हुए तीनों टेस्ट को अपने नाम करना बेहद जरूरी है।