सूर्यकुमार यादव ने चौथे टी-20 मैच में खेला गजब का हेलीकाप्टर शॉट, वीडियो हुआ वायरल
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने बनाए थे 191 रन।
अद्यतन - अगस्त 7, 2022 11:00 पूर्वाह्न

वेस्टइंडीज और भारत के बीच चल रही पांच मैचों की श्रृंखला का चौथा T20I 6 अगस्त, शनिवार को फ्लोरिडा के लॉडरहिल में खेला गया। वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। भारतीय टीम के बल्लेबाजो ने इस मैच में अच्छी बल्लेबाजी की और 20 ओवर खेलकर 191 रन बनाए।
इस बीच पहली पारी में तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर विंडीज के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ओबेद मैकॉय ने ऑफ साइड पर चौथे स्टंप लाइन पर एक फुल लेंथ गेंद फेंकी। सूर्यकुमार यादव, जो स्ट्राइक पर थे, उन्होंने इस गेंद पर शानदार हेलीकॉप्टर शॉट खेला और गेंद को बॉउंड्री लाइन के बाहर भेजा। उनके इस शॉट का वीडियो काफी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ओबेद मैकॉय ने अपने उस ओवर में लुटाए 25 रन
दरअसल, उस ओवर की शुरुआत मैकॉय ने वाइड गेंद से की थी। फिर पहली गेंद पर रोहित शर्मा ने शानदार सिक्स लगाया था। इसके बाद सिंगल लेकर स्ट्राइक सूर्यकुमार यादव को दी थी। सूर्यकुमार यादव ने तीसरी गेंद पर वो हेलीकॉप्टर शॉट खेला। इसके बाद उन्होंने अगली गेंद पर चौका लगाया और फिर 5वीं गेंद पर सिंगल लेकर स्ट्राइक कप्तान रोहित शर्मा को दे दी। रोहित ने आखिरी गेंद पर भी छक्का लगा दिया। इस तरह मैकॉय के इस ओवर में 25 रन बने।
यहां देखिए सूर्यकुमार यादव का वो हेलीकाप्टर शॉट
https://twitter.com/Richard10719932/status/1555941535652679680?s=20&t=XleF8TMkGDhxkqdHvun_9A
इस बीच ओबेद मैकॉय जो दूसरे T20I में वेस्टइंडीज के लिए जीत के हीरो थे वो चौथे T20I में रोहित और सूर्यकुमार यादव के आगे बेबस नजर आए। दूसरे T20I में जहां उन्होंने 6 विकेट लिया था, वहीं चौथे टी-20 मैच में उन्होंने 4 ओवर में अकेले 66 रन लुटा दिए। गेंदबाजी के अलावा वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी भी फ्लॉप रही। पूरी टीम 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और 132 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
पांच मैचों की सीरीज भारत ने 3-1 से जीत ली है। एक मैच अभी बाकी है। सीरीज का आखिरी मुकाबला 7 अगस्त को फ्लोरिडा के लॉडरहिल स्टेडियम में खेला जायेगा।