BCCI जल्द होगा मालामाल; आईपीएल मीडिया अधिकारों की नीलामी में लग रही हैं रिकॉर्ड तोड़ बोलियां
ई-नीलामी के पहले दिन मीडिया अधिकारों के लिए काफी मारा-मारी देखी गई।
अद्यतन - Jun 13, 2022 2:07 pm

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 2023-2027 चक्र के लिए टीवी और डिजिटल मीडिया अधिकारों के लिए ई-नीलामी 12 जून को शुरू हो गई हैं। यह प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चली। टेलीविजन और डिजिटल प्लेटफॉर्म दोनों की बोलियों ने कुल मिलाकर 42,000 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर लिया है।
ई-नीलामी के पहले दिन मीडिया अधिकारों के लिए काफी मारा-मारी देखी गई, और यहां तक कि हाई-प्रोफाइल लाइव स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म अमेजॉन कथित तौर पर मीडिया अधिकारों की दौड़ से पीछे हट गया है।
यह भी कहा जा रहा हैं कि यह आंकड़ा आईपीएल मीडिया अधिकारों की नीलामी के दूसरे दिन यानि 13 जून को 50,000 करोड़ रुपये के आंकड़े को भी छू सकता है, और अब तक हर एक मैच की कीमत 100 करोड़ के ऊपर चली गई है। आपको बता दें, आईपीएल मीडिया ई-नीलामी की जिम्मेदारी एम-जंक्शन को सौंपी गई है।
मीडिया अधिकारों के लिए बोलियों का आंकड़ा 50,000 करोड़ रूपये को छू सकता है
आईपीएल के पांच सालों के मीडिया अधिकारों के लिए बोली में इतनी ज्यादा वृद्धि इसलिए देखी जा रही हैं, क्योंकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अगले चक्र से फ्रेंचाइजी लीग में खेले जाने वाले मैचों की कुल संख्या 370 से बढाकर 410 कर दी है।
क्रिकेट डॉट कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, “आईपीएल के मीडिया अधिकारों की ई-नीलामी के पहले दिन टीवी अधिकारों के लिए 57 करोड़ रुपये प्रति मैच और डिजिटल अधिकारों के लिए 48 करोड़ रुपये तक बोली लगाई जा चुकी है।”
ई-नीलामी के पहले दिन कथित तौर पर प्रसारण अधिकार के लिए 105 करोड़ रूपए प्रति मैच की बोली लग चुकी हैं। खबरों के अनुसार, टीवी के अधिकारों के लिए डिज्नी स्टार, सोनी नेटवर्क और रिलायंस के बीच कड़ी टक्कर चल रही है, वहीं डिजिटल अधिकारों के लिए जी, हॉटस्टार और रिलायंस जियो रेस में सबसे आगे हैं।
आपको बता दें, अगर मीडिया अधिकारों के आवंटित पैकजो पर नजर डाले तो, पैकेज ए (भारतीय टीवी अधिकार) के लिए 49 करोड़ रुपये प्रति मैच आधार मूल्य रखा गया है, और पैकेज बी (भारतीय डिजिटिल अधिकार) के लिए 33 करोड़ रुपये प्रति मैच आधार मूल्य तय किया गया है, जबकि पैकेज सी में 18 गैर एक्सक्लूसिव डिजिटल अधिकार शामिल हैं और प्रत्येक मैच का आधार मूल्य 16 करोड़ रुपये है, वहीं पैकेज डी (विदेशी टीवी और डिजिटिल संयुक्त रूप से) जिसके लिए बोली 3 करोड़ रूपए से शुरू होगी।