अर्शदीप सिंह को सिर्फ गेंदबाजी का “मौसम” बनाना आता है!
अर्शदीप सिंह ने T20I और ODI क्रिकेट में अंतर के बारे में बात की।
अद्यतन - Nov 29, 2022 6:43 pm

न्यूजीलैंड और भारत के बीच इस समय खेली जा रही सीमित ओवरों की सीरीज उतनी रोमांचक नहीं रही, जितनी लोगों ने उम्मीद की थी, जिसका श्रेय खराब मौसम को जाता है। टीम इंडिया के न्यूजीलैंड दौरे पर अब तक खेले गए पांच मैचों में से तीन मैच बारिश से प्रभावित हुए हैं।
पहला T20I बारिश के कारण रद्द कर दिया गया, वहीं तीसरा T20I भी धूल गया, जबकि दूसरा वनडे मुकाबला खराब मौसम के कारण बिना किसी परिणाम के समाप्त हुआ। आपको बता दें, भारतीय क्रिकेट टीम ने दूसरा T20I जीतकर 1-0 से यह सीरीज जीती थी, जबकि न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम पहला वनडे जीतकर जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 से भारत से आगे चल रही है।
मौसम एक ऐसी चीज है जिसे हम नियंत्रित नहीं कर सकते: अर्शदीप सिंह
इस सीरीज का तीसरा और अंतिम वनडे 30 नवंबर को क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा, जो टीम इंडिया के लिए बेहद अहम है, क्योंकि वे इस मैच में जीत के साथ सीरीज बराबर करना चाहेंगे, लेकिन अगर बारिश ने फिर खलल डाली तो फिर मेजबान टीम यह वनडे सीरीज जीत जाएगी। इस अहम मुकबले से पहले भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने कहा मौसम उनके हाथ में नहीं है, लेकिन वे हर स्थिति के लिए तैयार है।
अर्शदीप सिंह ने प्री-मैच प्रेस कांफ्रेंस में कहा: “मौसम हमारे हाथ में नहीं है, मौसम एक ऐसी चीज है जिसे हम नियंत्रित नहीं कर सकते। इसलिए यह जरूरी है कि जब भी हमें मौका मिले, हम मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ दें। अगर बारिश के कारण खेल में रुकावट आती है, तो हमें मैच के किसी भी समय शुरू होने के लिए हमेशा मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार रहना होगा। हमारी कोशिश रहती है कि हमारी तैयारी में कोई कमी न रहे, और अपनी योजना को मैच में निष्पादित करे।”
T20I और ODI क्रिकेट में अंतर को लेकर बात करते हुए भारतीय तेज गेंदबाज ने कहा: “मैंने एक गेंदबाज के तौर पर इस बारे में ज्यादा नहीं सोचा है। जैसे अभी मैं शुरुआत में अटैकिंग बॉलिंग कर रहा हूं और अंत में डिफेंड कर रहा हूं। मेरा लक्ष्य टीम के लिए विकेट लेना है। इसलिए मैंने अभी तक नहीं सोचा है कि इन दोनों प्रारूपों में कुछ अंतर होगा। मुझे जहां भी परफॉर्म करने का मौका मिलेगा, मैं अपना बेस्ट दूंगा।”