‘ये खिलाड़ी लेगा वर्ल्ड कप की टीम में वाइल्ड कार्ड एंट्री और करेगा बाकी टीमों का Systumm Hang’- आकाश चोपड़ा
आयरलैंड के खिलाफ पहले दोनों टी-20 मैच में एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं वाशिंगटन सुंदर।
अद्यतन - Aug 23, 2023 5:44 pm

टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि, अगर वाशिंगटन सुंदर बुधवार, 23 अगस्त को डबलिन में आयरलैंड के खिलाफ अंतिम टी20 मैच में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो उन्हें भारत की वर्ल्ड कप टीम में वाइल्डकार्ड एंट्री मिल सकती है। आपको बता दें कि अभी तक खेले गए दोनों टी-20 मैच में सुंदर एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं।
स्पिन-गेंदबाजी ऑलराउंडर को भारत की एशिया कप टीम में नहीं चुना गया है और वह एशियन गेम्स के लिए टीम इंडिया का हिस्सा हैं। अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए एक वीडियो में, चोपड़ा ने सुंदर के लिए तीसरे T20I के महत्व पर प्रकाश डाला क्योंकि एशिया कप टीम में एक ऑफ स्पिनर की कमी है। हालांकि रोहित शर्मा ने सेलेक्शन के दौरान स्वीकार किया कि उनके और रविचंद्रन अश्विन दोनों पर विचार किया गया था।
वॉशिंगटन सुंदर को लेकर आकाश चोपड़ा ने दिया बड़ा बयान
उन्होंने कहा कि, “वाशिंगटन सुंदर को काफी हद तक नजरअंदाज किया गया। उन्हें एशिया कप के लिए नहीं चुना गया है। वह चर्चा का विषय थे लेकिन टीम में कोई ऑफ स्पिनर नहीं है। इसलिए यह एक बदलाव हो सकता है, वाइल्डकार्ड एंट्री हो सकती है।”
पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज को लगता है कि अगर सुंदर बल्ले और गेंद दोनों से अच्छा प्रदर्शन करें तो वह एक आकर्षक विकल्प बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि, “अगर वह अपनी ऑफ-स्पिन से विकेट लेता है और जब भी उसे बल्लेबाजी करने का मौका मिलता है तो रन बनाता है, हालांकि उसे यहां बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिल सकता है – अगर यह सब होता है, तो वाशिंगटन सुंदर एक अच्छे विकल्प हो सकते हैं।”
चोपड़ा ने इस बात पर प्रकाश डाला कि जब भी टीम इंडिया किसी ऐसे टीम का सामना करेगी जिसमें दाएं हाथ के बल्लेबाज ज्यादा हो वहां वो ऑफ स्पिनर को खोजेंगे। उन्होंने बताया कि टीम इंडिया शायद ही कभी बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ बाएं हाथ के स्पिनरों का उपयोग करता है, भले ही कप्तान कोई भी हो।
आकाश चोपड़ा नहीं चाहते कि भारत अंतिम टी20 मैच के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में बदलाव करे। उन्होंने कहा कि, “क्या मैं एकादश में बदलाव की उम्मीद कर रहा हूं क्योंकि हम (सीरीज) जीत चुके हैं? आपको कुछ भी क्यों बदलना चाहिए? सच में, मुझे लगता है कि उन्हें बदलाव नहीं करना चाहिए। उसी टीम के साथ खेलें क्योंकि हम इस टी-20 के बाद अगला टी-20 मैच विश्व कप के ढाई महीने बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेंगे।”