बाबर आजम के नाम से हटेगा 'कप्तान' शब्द, रची जा चुकी है साजिश! - क्रिकट्रैकर हिंदी

बाबर आजम के नाम से हटेगा ‘कप्तान’ शब्द, रची जा चुकी है साजिश!

पिछले काफी समय से ऐसी खबरें सामने आ रही है कि बाबर आजम को पाकिस्तान टी-20 टीम की कप्तानी से हटाया जा सकता है।

Babar Azam and Shahid Afridi (Image Credit- Twitter)
Babar Azam and Shahid Afridi (Image Credit- Twitter)

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी का मानना है कि राष्ट्रीय टीम को अब सबसे छोटे प्रारूप के लिए एक अलग कप्तान नियुक्त करना चाहिए। बता दें, पिछले काफी समय से ऐसी खबरें सामने आ रही है कि बाबर आजम को पाकिस्तान टी-20 टीम की कप्तानी से हटाया जा सकता है। इसको लेकर तमाम पूर्व खिलाड़ियों ने भी अपना-अपना पक्ष रखा।

शाहिद अफरीदी की मानें तो बाबर आजम को अभी एक कप्तान के रूप में काफी कुछ सीखना है। अफरीदी इस योजना से बिल्कुल भी खुश नहीं है कि तीन अलग-अलग प्रारूपों में तीन अलग-अलग कप्तान नियुक्त किए जाएं। जहां एक तरफ बाबर आजम टेस्ट और वनडे प्रारूप की कप्तानी संभाले वहीं दूसरी ओर टीम मैनेजमेंट को टी-20 क्रिकेट के लिए एक नया कप्तान नियुक्त करना चाहिए।

शाहिद अफरीदी ने समा टीवी में कहा कि, ‘जीत और हार खेल का ही एक भाग है और हमें हार से डरना नहीं चाहिए। अगर हम थोड़े बदलाव करते हैं और हार भी जाते हैं तब भी कोई बड़ी बात नहीं है। इन सब की वजह से हमें अनुभव काफी मिलता है।

बाबर आजम को एक कप्तान के रूप में अभी भी काफी कुछ सीखना है। मैं इस चीज से बिल्कुल भी खुश नहीं हूं कि तीन अलग-अलग प्रारूपों में तीन अलग-अलग कप्तान नियुक्त किए जाएं। यह हो सकता है कि वनडे और टेस्ट टीम की कप्तानी किसी एक को मिले और दूसरे को टी-20 टीम का कप्तान नियुक्त किया जाए।’

जल्दबाजी में कोई भी फैसला ना लें: शाहिद अफरीदी

शाहिद अफरीदी ने आगे कहा कि, ‘बाबर आजम पिछले 2-3 सालों से पाकिस्तान टीम की कप्तानी कर रहे हैं। अगर उनके प्रदर्शन की बात की जाए तो वो कमाल की बल्लेबाजी कर रहे हैं और टीम को भी अच्छी तरह से आगे ले जा रहे हैं। किसी भी फैसले को जल्दबाजी में ना लें। उसे थोड़ा समय दें।’

वहीं पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम का मानना है कि बाबर के पास पहले से ही काफी क्षमता है और अगर उन्हें थोड़ा और समय दिया जाए तो वो सर्वश्रेष्ठ कप्तान होंगे।

वसीम अकरम ने क्रिकेट पाकिस्तान में बात करते हुए कहा कि, ‘बाबर आजम की कप्तानी की इस समय काफी आलोचना हो रही है। हमें उनका साथ देना चाहिए। हम लोग एक दूसरे के कोई दुश्मन नहीं है और इसी वजह से एक दूसरे का मजाक उड़ाना बंद करें। अगर इमरान खान या जावेद मियांदाद आपके बगल में बैठे हुए हैं तो आपको यह समझ आएगा कि बाबर आजम के पास अभी भी 2 से 3 सालों तक का मौका है। आजम यह साबित करके रहेंगे कि वो सर्वश्रेष्ठ कप्तान है।’

close whatsapp