“राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उनके आंकड़े सबसे खराब है”- विराट कोहली को लेकर बोले पूर्व क्रिकेटर
IPL 2024 में अब तक विराट कोहली दिखे हैं शानदार फॉर्म में।
अद्यतन - Apr 6, 2024 5:24 pm

टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के सलामी बल्लेबाज विराट कोहली का रिकॉर्ड राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ काफी साधारण है, खासकर उनके घरेलू मैदान पर। हालांकि, चोपड़ा को उम्मीद है कि जब दोनों टीमें शनिवार, 6 अप्रैल को जयपुर में आईपीएल 2024 के मुकाबले में आमने-सामने होंगी तो विराट अपने उस रिकॉर्ड में सुधार करने की कोशिश करेंगे।
कोहली ने आईपीएल के मौजूदा संस्करण में चार पारियों में 140.97 की स्ट्राइक रेट से 203 रन बनाए हैं। उन्होंने पिछले सीजन में आरआर के खिलाफ अपनी दो पारियों में घरेलू मैदान पर एक गोल्डन डक सहित 18 रन बनाए थे और इस बार वह अपने उस रिकॉर्ड को सुधारना चाहेंगे।
विराट कोहली को लेकर आकाश चोपड़ा ने दिया बड़ा बयान
अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए एक वीडियो में, चोपड़ा ने शनिवार के खेल मैच के लिए आरसीबी के पहले टॉप परफॉर्मर के रूप में कोहली को चुना। उन्होंने कहा कि, “मैं जिस खिलाड़ी के बारे में सबसे पहले बात करने जा रहा हूं, मुझे लगता है कि पूरी दुनिया और यहां तक कि एलियंस का ध्यान भी उस पर होगा क्योंकि उसका नाम विराट कोहली है। क्या वह इस मैच में रन बनाएगा? उनके फैंस के लिए यह एक परेशान करने वाला आंकड़ा है। सभी टीमों के बीच, राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उनके आंकड़े सबसे खराब है।”
उन्होंने आगे कहा कि, “अगर हम सभी मैदानों को देखें, तो सवाई मानसिंह स्टेडियम में उनके आंकड़े सबसे खराब हैं। तो आपको लगता है कि यह प्लेयर हर किसी को हिट करता है, लेकिन उनके खिलाफ नहीं, हर जगह हिट करता है, लेकिन सवाई मानसिंह स्टेडियम में नहीं। मेरा मानना है कि जो बीत गया उसे बीत जाने दीजिए और अब एक नई कहानी लिखने की जरूरत है।
चोपड़ा ने कहा कि कोहली दबाव में टूटते नहीं बल्कि निखरते हैं। पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि जरूर आज कोहली के सामने नांद्रे बर्गर और ट्रेंट बोल्ट जैसे गेंदबाज होंगे, लेकिन मुझे उम्मीद है कि वो आज रन बनाएगा।