पूर्व क्रिकेटर मदन लाल का बड़ा आरोप, कहा- टीम इंडिया के खिलाड़ियों में देश के लिए खेलने के जुनून की कमी - क्रिकट्रैकर हिंदी

पूर्व क्रिकेटर मदन लाल का बड़ा आरोप, कहा- टीम इंडिया के खिलाड़ियों में देश के लिए खेलने के जुनून की कमी

बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 से पीछे है भारत।

Madan Lal
Madan Lal. (Photo Source: Twitter)

टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर मदन लाल ने बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में 0-2 से हार के बाद भारत की आलोचना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों में देश के लिए खेलने का जुनून पूरी तरह से गायब हो गया है। साथ ही में मदन लाल का ये भी मानना है कि भारतीय टीम सही दिशा में नहीं जा रही है और हाल के दिनों में खिलाड़ियों के अंदर जोश नहीं दिखा है।

गौरतलब है कि, टीम इंडिया को अब बांग्लादेश की सरजमीं पर लगातार दूसरी बार वनडे सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है। सबसे पहले जून 2015 में एमएस धोनी के नेतृत्व में टीम इंडिया को बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था। अब दूसरी बार रोहित की कप्तानी में ऐसा हुआ है।

भारतीय क्रिकेट सही दिशा में आगे नहीं बढ़ रहा है- मदन लाल

इंडिया टुडे के हवाले से मदन लाल ने हाल ही में कहा कि, “निश्चित रूप से यह भारतीय टीम सही दिशा में आगे नहीं बढ़ रही। मैंने पिछले कुछ समय में टीम में वो जज्बा नहीं देखा। मैंने पिछले दो वर्षों में उनमें ‘जोश’ नहीं देखा है। वे भारतीय टीम की तरह बिलकुल भी नहीं लग रहे थे। देश के लिए खेलने के जुनून की कमी थी। या तो वे बहुत थके हुए थे या फिर वे बस लय में बह रहे थे। यह गंभीर चिंता का विषय है।”

इस वक्त टीम इंडिया के खिलाड़ियों की ख़राब फिटनेस को लेकर भी लगातार बात हो रही है। खुद कप्तान रोहित ने दूसरे वनडे की हार के बाद इस पर अपनी नाखुशी जाहिर की। इस पर मदनलाल ने कहा कि अगर कप्तान यह कह रहा है तो कहीं न कहीं कुछ गलत है। उन्होंने कहा, इसके लिए कौन जिम्मेदार है? क्या इसके लिए ट्रेनर जिम्मेदार हैं? अनफिट खिलाड़ी क्यों जा रहे हैं?

इसके अलावा, 1983 वर्ल्ड कप विजेता खिलाड़ी ने कहा कि अगर भारतीय टीम आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीतती है, तो देश का क्रिकेट नीचे चला जाएगा। मदन लाल ने कहा कि, “अगर खिलाड़ी आराम करना चाहते हैं तो वे आईपीएल मैचों के दौरान आराम कर सकते हैं। आपका देश पहले आता है। यदि आप आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीतने जा रहे हैं, तो आपके देश का क्रिकेट नीचे जा रहा है।”

close whatsapp