मोहम्मद रिजवान के बचाव में उतरे पाक टीम के हेड कोच सकलैन मुश्ताक
मुश्ताक ने कहा, "लोग बाहर से चीजों को देखते हैं और उस पर अपनी टिप्पणी करते हैं।"
अद्यतन - सितम्बर 13, 2022 11:22 पूर्वाह्न

एशिया कप 2022 के फाइनल में पाकिस्तान को दिल तोड़ने वाली हार का सामना करना पड़ा। फ़ाइनल में पाक टीम को श्रीलंका के हाथों 23 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में पाकिस्तान टीम के लिए मोहम्मद रिजवान ने अर्धशतक लगाया था, लेकिन फिर भी वो टीम को जीत नहीं दिला पाए थे। इसके बाद सभी पाक फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट उनकी जमकर आलोचना कर रहे हैं।
रिजवान, जो इस टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी थे, उन्होंने फाइनल में 49 गेंदों में 55 रन बनाए थे। उनकी स्ट्राइक रेट को देखकर पाकिस्तान के दिग्गज तेज गेंदबाज शोएब अख्तर और पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंजमाम-उल-हक ने अपने महत्वपूर्ण विचार साझा किए और साथ ही में उस हार के लिए रिजवान को जिम्मेदार ठहराया।
मोहम्मद रिजवान के बचाव में उतरे सकलैन मुश्ताक
वहीं पाकिस्तान के हेड कोच सकलैन मुश्ताक अब रिजवान बचाव में सामने आए हैं। उन्होंने एक्सपर्ट्स पर कटाक्ष करते हुए कहा कि, बाहर से टिप्पणी करना आसान है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सकलैन मुश्ताक ने कहा कि, “उनकी सोच है। जो लोग बाहर बैठे होते हैं ना वो बाहर से चीज को देखते हैं और उसको देखते हुए टिप्पणी कर देते हैं।
मुश्ताक ने आगे कहा कि, “यह उनकी गलती नहीं है। उन्होंने परिणाम, और स्कोरकार्ड देखा और अपनी टिप्पणी की। उन्हें इस बात का कोई अंदाजा नहीं है कि ड्रेसिंग रूम के अंदर क्या हो रहा है, खिलाड़ी अपने आत्मविश्वास और चोटिल होने के बारे में क्या महसूस करते हैं।
मैंने तीन साल तक एक विशेषज्ञ के रूप में काम किया है। इसलिए मुझे पता है कि चीजें कैसे काम करती हैं। एक बार जब वे अंदर से क्रिकेटरों के साथ मिलकर काम करेंगे तभी उन्हें टीम की बॉन्डिंग, माहौल के बारे में पता चलेगा।”
रिजवान की धीमी बल्लेबाजी पर सकलैन मुश्ताक ने कहा कि, “हर टीम और खिलाड़ी का खेलने का अपना-अपना तरीका होता है। यह जरूरी नहीं कि, आप वही करें जो बाकी दुनिया कर रही है। टी-20 में उनकी अप्रोच बिल्कुल भी गलत नहीं है।”