WTC Final: अजिंक्य रहाणे और शार्दुल ठाकुर की तारीफ कर सौरव गांगुली ने टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों पर कसा तंज - क्रिकट्रैकर हिंदी

WTC Final: अजिंक्य रहाणे और शार्दुल ठाकुर की तारीफ कर सौरव गांगुली ने टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों पर कसा तंज

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की पहली पारी में टीम इंडिया 296 रनों पर ऑलआउट हो गई।

Sourav Ganguly Shardul Thakur And Ajinkya Rahane (Photo Source: Twitter)
Sourav Ganguly Shardul Thakur And Ajinkya Rahane (Photo Source: Twitter)

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल 7 जून से इंग्लैंड के द ओवल में खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए 469 रन बोर्ड पर लगाए थे। वहीं पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया 296 रनों पर ऑलआउट हो गई।

भारत के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज पूरी तरह फेल होते हुए नजर आए। अजिंक्य रहाणे, रवींद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर के शानदार पारियों के चलते भारत 200 रनों का आंकड़ा पार कर पाई। फाइनल में टॉप-ऑर्डर बल्लेबाजों के फ्लॉप प्रदर्शन को लेकर पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने बड़ा बयान दिया है।

यह एक अच्छी लड़ाई थी…- सौरव गांगुली

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की पहली पारी में रोहित शर्मा (15 रन), शुभमन गिल (13 रन), चेतेश्वर पुजारा (14 रन) और विराट कोहली (14 रन) पर विकेट गंवा बैठे थे। जिसके बाद अजिंक्य रहाणे और रवींद्र जडेजा के बीच 80 रनों की साझेदारी हुई। रवींद्र जडेजा ने 51 गेंदो में 48 रनों की अहम पारी खेली।

जिसके बाद तीसरे दिन शार्दुल ठाकुर और अजिंक्य रहाणे के बीच शतकीय साझेदारी हुई। रहाणे (89 रन), वहीं शार्दुल ठाकुर ने 51 रन की पारी खेली। पूर्व भारतीय खिलाड़ी सौरव गांगुली टीम इंडिया के लोवर-ऑर्डर बल्लेबाजों के शानदार खेल की जमकर तारीफ करते हुए नजर आए।

सौरव गांगुली ने स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए कहा, ‘उन्होंने ड्रेसिंग रूम को दिखा दिया कि अगर आप अप्लाई करते हैं और किस्मत का थोड़ा सा साथ है तो आप इस विकेट पर रन बना पाएंगे। रहाणे को श्रेय, वह शानदार थे। शार्दुल शुरूआत में ही पस्त हो गए और चोटिल हो गए। लेकिन वह वहां खड़े रहे। उसने अतीत में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में अच्छी बल्लेबाजी की है। यह भारत की ओर से एक अच्छी लड़ाई है। यह टॉप ऑर्डर के लिए एक संदेश है।’

वहीं बात मैच की करें तो तीसरे दिन के अंत तक ऑस्ट्रेलियाई टीम ने दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 123 रन बना लिए हैं। रवींद्र जडेजा ने 2 विकेट वहीं मोहम्मद सिराज और उमेश यादव ने 1-1 विकेट अपने नाम किया है। ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत से 296 रनों से आगे चल रही है।

 

close whatsapp