‘वह कप्तान हो सकता है लेकिन…’- 16.25 करोड़ वाले बेन स्टोक्स को लेकर आकाश चोपड़ा का बड़ा बयान
आईपीएल 2023 मिनी ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने बेन स्टोक्स को 16.25 करोड़ रूपए में खरीदा था।
अद्यतन - Feb 23, 2023 3:04 pm

आईपीएल के 16वें सीजन का पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच 31 मार्च को खेला जाएगा। लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। आपको बता दें कि, CSK ने आईपीएल 2023 मिनी ऑक्शन में इंग्लैंड के ऑलराउंडर खिलाड़ी बेन स्टोक्स को 16.25 करोड़ रूपए में खरीदा था।
लेकिन कुछ रिपोर्ट्स की माने तो आगामी सत्र में बेन स्टोक्स CSK के लिए पूरा सीजन खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। दरअसल ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि, बेन स्टोक्स आईपीएल के आखिरी के कुछ मैच छोड़ सकते हैं। इसी बीच पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने बेन स्टोक्स की गैरमौजूदगी को CSK के लिए टेंशन बताते हुए बड़ा बयान दिया है।
बेन स्टोक्स के आईपीएल बीच में छोड़ने पर आकाश चोपड़ा का बयान
बेन स्टोक्स पिछले दो सीजन से चोट के चलते आईपीएल में नहीं खेल रहे थे। साल 2021 में चोटिल होकर वह पूरे सीजन से बाहर हो गए थे। वहीं आईपीएल 2022 के लिए भी बेन स्टोक्स ने अपना नाम नहीं दिया था। आईपीएल 2023 के मिनी ऑक्शन में CSK ने स्टोक्स के ऊपर बड़ी बोली लगाई थी।
उसके बाद से ही इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि CSK बेन स्टोक्स को भविष्य के कप्तान के रूप में देख रही है। लेकिन बेन स्टोक्स आयरलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच और एशेज सीरीज के लिए आईपीएल को बीच में ही छोड़कर स्वदेश वापस लौट आएंगे।
आकाश चोपड़ा ने बेन स्टोक्स के आईपीएल बीच में छोड़ने पर यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा, ‘कुछ लोग कह रहे थे कि चेन्नई सुपर किंग्स ने बेन स्टोक्स को इतनी रकम में इसलिए खरीदा क्योंकि वे उन्हें कप्तानी के रूप में तैयार करना चाहते हैं। अगर आप उसे कप्तानी के रूप में तैयार करना चाहते हैं और वह नॉकआउट मुकाबले से पहले आपको छोड़ देता है तो आप क्या करेंगे।’
CSK का प्लान देखना होगा- आकाश चोपड़ा
आईपीएल 2023 महेंद्र सिंह धोनी का आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है। चेन्नई सुपर किंग्स को इसी सीजन धोनी के रिप्लेसमेंट की तलाश करनी होगी। आकाश चोपड़ा ने अपने इसी वीडियो में ये भी बताया कि, चेन्नई का अगला कप्तान कौन हो सकता है? इसे लेकर उन्होंने कहा, ‘चेन्नई की योजना को देखना दिलचस्प होगा। क्या स्टोक्स उनकी कप्तानी की योजना में भी शामिल है। या मोईन अली या ऋतुराज गायकवाड़ उनके अगले कप्तान हो सकते हैं?