IPL 2024: मैं एक ऑलराउंडर के रूप में खेलूंगा और जितना संभव हो उतने गेम खत्म करूंगा: हार्दिक पांड्या
22 मार्च से शुरू हो रहा है आईपीएल
अद्यतन - मार्च 18, 2024 4:25 अपराह्न

आईपीएल के आगामी सीजन के शुरू होने से पहले पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या और हेड कोच मार्क बाउचर ने संयुक्त रूप से एक प्रेस काॅन्फ्रेंस की है। इस सीजन में दोनों ने ही आगामी सीजन में टीम को तैयारियों को लेकर बात करते हुए नजर आए।
तो वहीं इस काॅन्फ्रेंस में टीम के नए कप्तान और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि वह आगामी सीजन में टीम के लिए एक ऑलराउंडर के रूप में खेलते हुए नजर आएंगे और जितना हो पाएगा टीम के लिए मैच खत्म करने की कोशिश करेंगे।
गौरतलब है कि आईपीएल 2024 की शुरूआत 22 मार्च से हो रही है। पहला मैच गत चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स और राॅयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला जाएगा। तो वहीं मुंबई इंडियंस अपने विजयी अभियान की शुरूआत 24 मार्च को गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले मैच से करेगा। दोनों टीमों के बीच यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
हार्दिक पांड्या ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि आईपीएल शुरू होने से पहले इस इंटरव्यू में हार्दिक पांड्या ने एनडीटीवी के हवाले से कहा- जस्सी (जसप्रीत बुमराह) हमारा नंबर 1 गेंदबाज रहा है। नंबर एक गेंदबाज के साथ वह एक चैंपियन क्रिकेटर रहे हैं। पिछले साल टीम ने उन्हें मिस किया, लेकिन निश्चित रूप से वह टीम के लीडर्स में से एक हैं।
रोहित शर्मा शानदार टच में हैं। इंग्लैंड के खिलाफ वह गेंद को जिस हिसाब से हिट कर रहे थे, वह शानदार था। मैं उसे खुद को एक्सप्रेस करते देखने का इंतजार कर रहा हूं। यदि उनका सीजन शानदार रहा तो हम टूर्नामेंट के आखिरी फेज में होंगे।
हार्दिक ने आगे अपने प्रदर्शन को लेकर कहा- आगामी आईपीएल में मैं एक ऑलराउंडर के रूप में खेलने जा रहा हूं। जितना हो सके, उतना मैच खत्म करने की कोशिश करूंगा। मैच को एन्जाॅय करूंगा जो मुझे हमेशा से पसंद रहा है। मैं खुद को सफलता में ऊपर या असफलता में नीचे नहीं मानता। इससे मुझे अपनी करियर में काफी मदद मिली है।