महेंद्र सिंह धोनी के लैप ऑफ ऑनर को लेकर केविन पीटरसन ने कही दिल छूने वाली बात
आईपीएल 2023 पॉइंट्स टेबल में चेन्नई सुपर किंग्स 15 अंको के साथ दूसरे पायदान पर है।
अद्यतन - May 16, 2023 4:42 pm

आईपीएल 2023 शुरू होने से पहले ही चर्चा जोरों पर है कि मौजूदा आईपीएल सीजन महेंद्र सिंह धोनी का आखिरी सीजन होने वाला है। आईपीएल के इस सीजन में धोनी घुटने की चोट से जूझ रहे हैं लेकिन तब भी अपनी टीम के लिए शतप्रतिशत देते हुए नजर आ रहे हैं।
सीजन के पिछले मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ चेपॉक में हार झेलनी पड़ी। इस सीजन चेपॉक में यह टीम का आखिरी मुकाबला था। जिसके चलते पूरी टीम फैंस का धन्यवाद करते हुए नजर आई। वहीं मैच के बाद महेंद्र सिंह धोनी लैप ऑफ ऑनर भी लेते हुए नजर आए।
आपको बता दें आईपीएल के इस सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला जहां कहीं भी होता है फैंस वहां टीम को चीयर करने के लिए पहुंच जाते हैं। जिसके पीछे सबसे बड़ा कारण महेंद्र सिंह धोनी है। इसी बीच इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी केविन पीटरसन ने महेंद्र सिंह धोनी के लैप ऑफ ऑनर को लेकर बड़ा बयान दिया है।
वह अभी किसी दबाव में नहीं है- केविन पीटरसन
चेपॉक में धोनी के लैप ऑफ ऑनर पर बात करते हुए केविन पीटरसन ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, ‘वह इसे प्यार करते हैं वह इसे क्यों छोड़ना चाहेंगे वह अभी किसी दबाव में नहीं है। उन्हें अभी परफॉर्म करने की भी जरूरत नहीं है उन्हें बस एमएस धोनी रहने की जरूरत है। उनकी बच्ची, पत्नी और उनके परिवार के लिए यह लैप ऑफ ऑनर देखना कितना शानदार रहा होगा। वह क्रिकेट के फील्ड से बाहर एक अविश्वसनीय इंसान है। यह एक शानदार पल है और यह एक इमोशनल सीजन है।’
इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में अगला सीजन खेलेंगे धोनी
केविन पीटरसन का मानना है कि धोनी आईपीएल के अगले सीजन में इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में खेलते हुए नजर आएंगे। केविन पीटरसन ने आगे बात करते हुए कहा, ‘मुझे लगता है कि हर कोई आगे इम्पैक्ट प्लेयर के नियम के साथ आगे बढ़ना चाहता है। मुझे लगता है वो ऐसा कर सकते हैं।’