श्रेयस अय्यर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में बड़ा स्कोर बनाना बेहद जरूरी है: आकाश चोपड़ा
आकाश चोपड़ा के मुताबिक दूसरा वनडे मैच श्रेयस अय्यर के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण होने वाला है।
अद्यतन - सितम्बर 24, 2023 2:31 अपराह्न

इस समय भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में दूसरा वनडे मैच खेला जा रहा है। दोनों ही टीमों के लिए यह मैच जीतना बेहद जरूरी है। हालांकि मैच के शुरू होने से पहले पूर्व खिलाड़ी आकाश चोपड़ा ने भारतीय टीम के शानदार खिलाड़ी श्रेयस अय्यर को लेकर बड़ा बयान दिया है।
आकाश चोपड़ा के मुताबिक दूसरा वनडे मैच श्रेयस अय्यर के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण होने वाला है। उन्हें जल्द से जल्द अपने बेहतरीन फॉर्म में वापस आना होगा। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहले वनडे मुकाबले में श्रेयस अय्यर ने मात्र तीन रन ही बनाए थे। बता दें, वर्ल्ड कप 2023 की शुरुआत 5 अक्टूबर से हो रही है और उससे पहले श्रेयस अय्यर का फॉर्म में आना भारतीय टीम के लिए बेहद जरूरी है।
आकाश चोपड़ा ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर कहा कि, ‘यह खेल श्रेयस अय्यर के लिए बहुत ही जरूरी है। उन्हें वापस फॉर्म में आना होगा। पहले उनकी फिटनेस को लेकर थोड़ी परेशानी थी। उन्होंने एशिया कप में कुछ अच्छे शॉट्स खेले और फिर चोटिल हो गए। मोहाली में श्रेयस अय्यर तीन रन बनाकर रनआउट हो गए।’
ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ दूसरे मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया
बता दें, इस समय दोनों टीमों के बीच दूसरा मैच खेला जा रहा है जिसमें आस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। भारतीय प्लेइंग 11 में पिछले मैच से सिर्फ एक ही बदलाव हुआ है। जसप्रीत बुमराह की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया गया है।
फिलहाल यह मुकाबला बारिश की वजह से रुक गया है लेकिन अभी तक श्रेयस अय्यर ने इस मैच में काफी अच्छी बल्लेबाजी की है। श्रेयस अय्यर ने अभी तक दूसरे वनडे में 20 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 34* रन बना लिए हैं। भारत ने 9.5 ओवर में 34 रन बनाए। फिलहाल तमाम लोग यही चाह रहे होंगे कि जल्द से जल्द बारिश बंद हो जाए और यह दूसरा वनडे मैच फिर से शुरू हो जाए।