'यह तो पक्का है कि वो प्लेऑफ से बाहर है..'- दिल्ली कैपिटल्स को लेकर आकाश चोपड़ा की बड़ी भविष्यवाणी - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘यह तो पक्का है कि वो प्लेऑफ से बाहर है..’- दिल्ली कैपिटल्स को लेकर आकाश चोपड़ा की बड़ी भविष्यवाणी

मुंबई इंडियंस के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी।

Delhi Capitals Aakash Chopra (Photo Source: Twitter)
Delhi Capitals Aakash Chopra (Photo Source: Twitter)

आईपीएल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) को लगातार चौथी बार हार का सामना करना पड़ा है। मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ पिछले मुकाबले में टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 172 रन पर ऑलआउट हो गई थी। मुंबई इंडियंस ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 6 विकेट से जीत हासिल की।

टूर्नामेंट में लगातार मिल रही हार से टीम के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास काफी डगमगाया हुआ नजर आ रहा है। इस बीच क्रिकेट कमेंटटेटर आकाश चोपड़ा ने दिल्ली कैपिटल्स टीम को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा है कि दिल्ली कैपिटल्स इस सीजन प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई नहीं करेगी।

डेविड वॉर्नर अच्छा नहीं खेल रहे- आकाश चोपड़ा

मुंबई इंडियंस के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स ने एक बार फिर खराब शुरूआत की। टीम ने मात्र 98 रन के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए थे। पृथ्वी शॉ, मनीष पांडे और डेब्यूडेंट यश धूल जैसे बल्लेबाज फ्लॉप होते हुए नजर आए। डेविड वॉर्नर और अक्षर पटेल के अर्धशतकीय पारी के दम पर टीम ने सम्मानजनक टोटल बोर्ड पर खड़ा किया था।

दिल्ली कैपिटल्स के लगातार चौथी हार के बाद आकाश चोपड़ा ने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा, ‘दिल्ली को चार मैचों में चार हार मिली है। यह तो अभी से पक्का हो चुका है कि यह टीम प्लेऑफ में क्वालिफाई नहीं करेगी। डेविड वॉर्नर और पृथ्वी शॉ पारी की शुरूआत कर रहे। वॉर्नर की कहानी यह है कि वह लंबे समय से खेल रहे हैं। लेकिन सवाल यह है कि क्या वह अच्छा खेल रहे हैं?’

अक्षर पटेल को ऊपर भेजना चाहिए- आकाश चोपड़ा

आकाश चोपड़ा ने डेविड वॉर्नर के प्रदर्शन पर बात करते हुए कहा, ‘वह रन बना रहे हैं वह चार मैचों में तीन अर्धशतकीय पारी खेल चुके हैं। वह उस तरह के खिलाड़ी है जो हर 20 गेंदों के अंदर छक्का लगाते हैं। लेकिन उन्होंने इस सीजन में अब तक 200 गेंदे खेली और एक भी छक्का नहीं लगाया।’

आकाश चोपड़ा ने इसके अलावा अक्षर पटेल को बल्लेबाजी क्रम में और ऊपर भेजने की सलाह दी है। ‘वह जब खेलते हैं तो लगता नहीं है कि पिच धीमी है। आपने ललित यादव को भी उनसे आगे भेज दिया। आपने अक्षर पटेल को सात नंबर पर भेज दिया। यह बहुत ही खराब प्लानिंग हैं। आपको अक्षर को नंबर-4 और 5 पर भेजना चाहिए।’

close whatsapp