अभी तक IPL ट्राॅफी ना जीत पाने पर छलका तिलक वर्मा का दर्द, कहा- मुझे अभी तक जीत का अहसास…
जारी आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस के लिए शानदार खेल दिखा रहे हैं तिलक
अद्यतन - अप्रैल 23, 2025 5:56 अपराह्न

जारी आईपीएल 2025 के मैच नंबर 41 में जब मुंबई इंडियंस का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा, तो सभी की निगाहें लोकल खिलाड़ी तिलक वर्मा पर होंगी, जो जारी सीजन में पांच बार की चैंपियन एमआई के लिए शानदार खेल दिखा रहे हैं।
गौरतलब है कि आज 23 अप्रैल को दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। तो वहीं, तिलक सीजन 2022 से लगातार मुंबई इंडियंस के लिए शानदार खेल दिखाते हुए नजर आ रहे हैं।
साथ ही उन्हें उम्मीद है कि इस साल आखिरकार उनका खिताबी सूखा खत्म हो जाएगा। खराब शुरुआत के बाद एमआई ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। वर्मा का मानना है कि मुंबई टीम की वापसी पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है।
तिलक वर्मा ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि जारी आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद का अपने होम ग्राउंड पर सामना करने से पहले तिलक वर्मा ने जियोस्टार की स्पेशल सीरीज ‘जैन बोल्ड’ पर कहा- मैं हमेशा रोहित भाई और सूर्या भाई से कहता हूं कि मुझे अभी तक जीत का अहसास नहीं हुआ है।
मैं 2022 में टीम में शामिल हुआ था, लेकिन तब से हमने ट्रॉफी नहीं जीती है। व्यक्तिगत रूप से, पिछले तीन सीजन मेरे लिए अच्छे रहे हैं, लेकिन टीम को वो नतीजे नहीं मिले जो हम चाहते थे। इस साल, हम आश्वस्त हैं और अपना सब कुछ देने के लिए तैयार हैं, फिर चाहे यह दिल हो या आत्मा।
तिलक ने आगे कहा- हार्दिक भाई के साथ मेरे बहुत अच्छे संबंध हैं। मैंने अपना टी20 डेब्यू उन्हीं की कप्तानी में किया और उनसे कैप प्राप्त की। वह एक बहुत ही खास अनुभव था। हमने पिछले साल भी साथ खेला था।
वह हमेशा खिलाड़ियों का समर्थन करते हैं और अगर कुछ गलत होता है, तो खुलकर बात करते हैं। हमारे संबंध बहुत अच्छे हैं और मुझे उम्मीद है कि हम इस साल भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह हमारे बीच बहुत अच्छे संबंध हैं।
खैर, जारी सीजन में तिलक ने मुंबई के लिए खेले गए 8 मैचों की 8 पारियों में 46.20 की औसत से कुल 231 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 141.71 का रहा है।