IND vs ENG: तिलक वर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया की जीत में निभाई अहम भूमिका, POTM अवार्ड भी किया अपने नाम
आज यानी 25 जनवरी को चेन्नई में खेले गए दूसरे टी20 मैच में टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ दो विकेट से जीत दर्ज की।
अद्यतन - Jan 25, 2025 10:59 pm

आज यानी 25 जनवरी को चेन्नई में खेले गए दूसरे टी20 मैच में टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ दो विकेट से जीत दर्ज की। इस मैच में टीम इंडिया की ओर से तिलक वर्मा ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम की जीत में अहम योगदान दिया। तिलक वर्मा ने इस मैच में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 55 गेंदों में 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से 72* रनों की मैच विनिंग पारी खेली।
अपनी इस पारी के दौरान तिलक वर्मा ने इंग्लैंड के किसी भी गेंदबाज को नहीं छोड़ा और सभी के खिलाफ तगड़ा प्रहार किया। यही नहीं तिलक वर्मा ने इस मैच में प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड भी अपने नाम किया। तमाम लोगों ने उनकी बल्लेबाजी की सोशल मीडिया पर जमकर प्रशंसा भी की है।
मैच की बात की जाए तो इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 165 रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से इस मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी कप्तान जोस बटलर थे। उन्होंने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों में 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 45 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। जोस बटलर के अलावा Brydon Carse ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 31 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। जेमी स्मिथ ने 22 रन का योगदान दिया जबकि लियम लिविंगस्टोन 13 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए।
हैरी ब्रूक ने भी 13 रन बनाए जबकि जोफ्रा आर्चर ने 12* रन का योगदान दिया। आदिल रशीद ने 10 रन बनाए। टीम इंडिया की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने दो विकेट झटके जबकि अक्षर पटेल ने भी दो विकेट हासिल किए। हार्दिक पांड्या, वाशिंगटन सुंदर, अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
5 मैच की टी20 सीरीज में टीम इंडिया 2-0 से आगे है
मेजबान की ओर से तिलक वर्मा के अलावा वाशिंगटन सुंदर ने 26 रन का योगदान दिया जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 12 रन बनाए। अभिषेक शर्मा ने भी 12 रन की पारी खेली।
इंग्लैंड की ओर से Brydon Carse ने चार ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट झटके। हालांकि शानदार खिलाड़ी अपनी टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने 5 मैच की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है।