‘जब तक उपयोगी हूं, तब तक खेलूंगा, मैं टीम पर बोझ नहीं बनूंगा’- शिखर धवन
खेल को लेकर मेरी समझ काफी मजबूत है और मैंने अपनी तकनीक में सुधार के लिए काफी मेहनत की है- शिखर धवन
अद्यतन - अगस्त 10, 2022 12:31 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट में आने वाले दिनों में कुछ बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। उम्मीद लगाई जा रही है कि कुछ सीनियर खिलाड़ी 2023 विश्व कप के बाद किसी एक या उससे अधिक फॉर्मेट से संन्यास ले सकते हैं। इन बातों को ध्यान में रखते हुए टीम प्रबंधन पहले से ही युवा खिलाड़ियों को भविष्य के लिए तैयार कर रही है।
जब सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग ने अतीत में संन्यास लिया, तो विराट कोहली, शिखर धवन, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे और रोहित शर्मा ने उनकी जगह ली। ये सभी खिलाड़ी मौजूदा समय के दिग्गज खिलाड़ी हैं, लेकिन कभी न कभी एक समय आएगा, जब ये सभी संन्यास लेंगे और युवाओं को मौका दिए जाएगा।
हालांकि इसकी प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है क्योंकि कोहली को नियमित रूप से ब्रेक दिया गया है। वहीं कभी सभी फॉर्मेट में खेलने वाले धवन अब सिर्फ वनडे फॉर्मेट में ही नजर आते हैं। अच्छी फॉर्म और लय में होने के कारण, धवन के अगले साल एकदिवसीय विश्व कप में खेलने की संभावना है, लेकिन सलामी बल्लेबाज इस बात को लेकर अनिश्चित है कि उसके बाद उनका भविष्य क्या होगा।
मैं टीम पर बोझ बनाना पसंद नहीं करूंगा- शिखर धवन
हिंदुस्तान टाइम्स के हवाले से शिखर धवन ने कहा कि, “मैं जब तक भारत के लिए खेलूंगा, टीम के लिए उपयोगी रहूंगा। मैं टीम पर बोझ बनाना पसंद नहीं करूंगा। मैं शांत और परिपक्व व्यक्ति हूं। यह प्रदर्शन मेरे अनुभव को दर्शाता है। खेल को लेकर मेरी समझ काफी मजबूत है और मैंने अपनी तकनीक में सुधार के लिए काफी मेहनत की है। एक प्रारूप को समझना भी बहुत महत्वपूर्ण है। मैं वनडे प्रारूप की जरूरतों को समझता हूं और इससे मुझे बहुत मदद मिली है।”
सिर्फ एक फॉर्मेट में खेलने को लेकर धवन ने कहा कि, “मुझे इस बात को लेकर कभी निराशा नहीं हुई। मैं इन चीजों के बारे में सोचना पसंद नहीं करता हूं कि मैं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सिर्फ एक प्रारूप में खेल रहा हूं। मैं इसे इस तरह से देखता हूं कि मुझे दो या तीन महीने में खेलने का मौका मिलता है और इससे मुझे तरोताजा रहने में मदद मिलती है।”