TNPL 2023: रविचंद्रन अश्विन ने पकड़ा शानदार कैच, तमाम फैंस हुए खुशी से पागल - क्रिकट्रैकर हिंदी

TNPL 2023: रविचंद्रन अश्विन ने पकड़ा शानदार कैच, तमाम फैंस हुए खुशी से पागल

मुकाबले के दौरान डिंडीगुल ड्रैगंस के कप्तान रविचंद्रन अश्विन ने एक अविश्वसनीय कैच पकड़ा जिसको देख तमाम फैंस हैरान रह गए।

TNPL (Pic Source-Twitter)
TNPL (Pic Source-Twitter)

21 जून को तमिलनाडु प्रीमियर लीग 2023 में खेले गए मुकाबले में डिंडीगुल ड्रैगंस ने चेपॉक सुपर गिलीज को 1 रन से मात दी। यह मुकाबला डिंडीगुल के NPR कॉलेज क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया था।

इस मैच में डिंडीगुल ड्रैगंस की ओर से सभी खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। मुकाबले के दौरान डिंडीगुल ड्रैगंस के कप्तान रविचंद्रन अश्विन ने एक अविश्वसनीय कैच पकड़ा जिसको देख तमाम फैंस हैरान रह गए। उन्होंने चेपॉक सुपर गिलीज के बेहतरीन ऑलराउंडर संजय यादव का कैच पकड़ उन्हें वापस पवेलियन की राह दिखाई।

यह कैच चेपॉक की पारी के 14वें ओवर में पकड़ा गया। वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर संजय यादव ने कड़ा प्रहार करना चाहा लेकिन गेंद उनके बल्ले से लगकर काफी ऊपर हवा में गई। रविचंद्रन अश्विन तुरंत गेंद की ओर भागे और डाइव लगाकर इस शानदार कैच को पूरा किया। रविचंद्रन अश्विन के इस कैच की वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।

ये रही वीडियो:

मैच की बात की जाए तो डिंडीगुल ड्रैगंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 170 रन बनाए। टीम की ओर से आदित्य गणेश ने 30 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 44 रन की पारी खेली जबकि सुबोध भाटी ने 13 गेंदों में दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 31 रन बनाए। सी शरथ कुमार ने 21 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 25 रन का योगदान दिया। चेपॉक सुपर गिलीज की ओर से राहिल शाह ने 4 ओवर में 38 रन देकर तीन विकेट झटके जबकि आर रोहित ने 3 ओवर में 24 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए।

जवाब में चेपॉक टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 169 रन ही बना पाई और एक रन से यह मुकाबला हार गई। टीम की ओर से बाबा अपराजित ने 40 गेंदों में 2 चौके और 7 छक्कों की मदद से 74 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। उनके अलावा नारायण जगदीशन ने 36 गेंदों में 4 चौके और एक छक्के की मदद से 37 रन बनाए। डिंडीगुल ड्रैगंस की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने 4 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

close whatsapp