TNPL 2023: अश्विन ने थर्ड-अंपायर के फैसले पर DRS लेकर मचाया बवाल; इस अनोखी घटना का वीडियो हुआ वायरल - क्रिकट्रैकर हिंदी

TNPL 2023: अश्विन ने थर्ड-अंपायर के फैसले पर DRS लेकर मचाया बवाल; इस अनोखी घटना का वीडियो हुआ वायरल

आर राजकुमार को 13वें ओवर में नॉट-आउट दिया गया, जिसके बावजूद अश्विन ने दूसरी बार रिव्यु लिया।

R Rajkumar and R Ashwin. (Image Source: Twitter)
R Rajkumar and R Ashwin. (Image Source: Twitter)

डिंडीगुल ड्रैगन्स और Ba11sy त्रिची के बीच 14 जून को खेले गए जारी तमिलनाडु प्रीमियर लीग (TNPL) 2023 के चौथे मैच में एक अजीबोगरीब घटना देखने को मिली और एक बार फिर इस दुर्लभ घटना के पीछे का कारण भारत के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन थे।

दरअसल, डिंडीगुल ड्रैगन्स के गेंदबाज आर अश्विन और Ba11sy त्रिची के बल्लेबाज आर राजकुमार दोनों ने एक ही गेंद पर DRS लिया, और इस अनोखी घटना ने सभी को चकित कर दिया, क्योंकि ऐसा क्रिकेट के खेल में दुर्लभ ही देखने को मिलता है। यह घटना जारी TNPL 2023 के चौथे मैच के पहली पारी के दौरान देखने को मिली, जब त्रिची के बल्लेबाज राजकुमार ने ड्रैगन्स के अश्विन द्वारा फेंकी गई 13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर ऑन-फिल्ड अंपायर द्वारा आउट दिए जाने के बाद DRS की मांग की।

‘रिव्यु दो और फैसला एक’

जिसके बाद रिप्ले में पाया गया कि राजकुमार का बल्ला ठीक उसी समय पिच पर हिट हुआ था, जब गेंद उनके बल्ले के करीब थी। हालांकि, अल्ट्रा-एज ने एक स्पाइक दिखाया, लेकिन थर्ड अंपायर ने बल्ले और गेंद के बीच काफी अंतर पाया, नतीजन ऑन-फिल्ड अंपायर के फैसले को पलटकर ‘नॉट आउट’ करार दिया गया। इस बीच, थर्ड-अंपायर के नॉट-आउट देने के बाद रविचंद्रन अश्विन ने फिर से रिव्यू की मांग कर दी।

जिसके बाद थर्ड-अंपायर ने एक बार फिर पूरी प्रक्रिया को देखा और कोई किनारा नहीं पाया, नतीजन फैसला नहीं बदला। ऐसी घटनाएं क्रिकेट के खेल में बहुत ही कम देखने को मिलती है, जब एक बल्लेबाज और गेंदबाज एक ही गेंद पर DRS ले, जिसके कारण अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

यहां देखिए वो वीडियो –

आपको बता दें, अश्विन ने इस TNPL 2023 मैच में अपने चार ओवरों में 26 रन देकर दो विकेट चटकाएं, जबकि राजकुमार ने 22 गेंदों में 39 रनों की पारी खेली, जो जाया गई, क्योंकि डिंडीगुल ड्रैगन्स Ba11sy त्रिची को छह विकेट से मात देने में कामयाब रही।

close whatsapp