मुझे खुद यकीन नहीं हो रहा था कि मैं विराट कोहली जैसे खिलाड़ी को गेंदबाजी करने जा रहा हूं: टॉड मर्फी
सबसे खास बात यह है कि अभी तक खेले जा चुके तीन टेस्ट मुकाबलों में टॉड मर्फी ने भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली को 3 बार आउट किया है।
अद्यतन - मार्च 7, 2023 5:43 अपराह्न

इस समय खेली जा रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 में ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे टेस्ट में धमाकेदार वापसी करते हुए 9 विकेट से जीत दर्ज की। उन्होंने इस तीसरे टेस्ट मुकाबले में भारत के किसी भी खिलाड़ी को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया और यह मैच अपने नाम किया।’
बता दें, नागपुर में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले में भारत ने एक पारी और 132 रन से जीत दर्ज की थी। दूसरे टेस्ट को उन्होंने दिल्ली में 6 विकेट से जीता। तीसरा टेस्ट इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया जिसमें कंगारू टीम ने धमाकेदार प्रदर्शन किया। नाथन लियोन ने इस मैच में दोनों पारियों को मिलाकर 99 रन देकर 11 विकेट झटके और प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड अपने नाम किया।
नाथन लियोन के अलावा इस टेस्ट में टॉड मर्फी ने भी अच्छी गेंदबाजी की है। तमाम लोग इस युवा स्पिनर की भी जमकर प्रशंसा कर रहे हैं। सबसे खास बात यह है कि अभी तक खेले जा चुके तीन टेस्ट मुकाबलों में टॉड मर्फी ने भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली को 3 बार आउट किया है। वो पहले गेंदबाज भी बन गए हैं जिन्होंने विराट कोहली को टेस्ट में स्टंप आउट किया। यह कारनामा उन्होंने दूसरे टेस्ट के दौरान किया।
हाल ही में फॉक्स स्पोर्ट्स के साथ इंटरव्यू में मर्फी ने इस बात का खुलासा किया कि अपने डेब्यू टेस्ट में उन्हें विराट कोहली, रोहित शर्मा, चेतेश्वर पुजारा जैसे बेहतरीन बल्लेबाजों के सामने गेंदबाजी करने में काफी डर लग रहा था।
शुरुआती तीन टेस्ट मुकाबलों में मुझे कोहली को गेंदबाजी करते हुए काफी मजा आया: टॉड मर्फी
फॉक्स स्पोर्ट्स के मुताबिक टॉड मर्फी ने कहा कि, ‘मैं जब नागपुर टेस्ट के बारे में सोचता हूं तो मुझे याद आता है कि जब कोहली बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरे और मैं अपने रनअप में था तब मैं यही सोच रहा था कि ऐसे खिलाड़ी को गेंदबाजी करने में सच में काफी मजा आएगा। पहले तीन टेस्ट में यह काफी शानदार भिड़ंत थी और काफी मजेदार भी। भारतीय टीम काफी मजबूत है। उनके खिलाफ गेंदबाजी करने में मुझे थोड़ा डर भी लग रहा था लेकिन यह काफी मजेदार भी था।’
नाथन लियोन को लेकर युवा स्पिनर ने आगे कहा कि, ‘नाथन लियोन के साथ गेंदबाजी करने में काफी मजा आया। परिस्थिति काफी अलग थी लेकिन मैंने इसको अच्छी तरह से संभाला।
पिछले टेस्ट से पहले स्टीव स्मिथ ने मुझसे बातचीत की और कहा कि अपने अहंकार को एक तरफ रखें और छोटे-छोटे स्पेल फेकें। अगर मैं आपसे ऐसा कुछ कह रहा हूं तो इसका मतलब यह नहीं कि आप खराब गेंदबाजी कर रहे हैं। परिस्थिति को देखते हुए आपको गेंदबाजी दी जाएगी।’