IPL 2022: विराट कोहली की फिटनेस के मुरीद हुए भानुका राजपक्षे और दें दिया बड़ा बयान!
फिटनेस मुद्दों के कारण भानुका राजपक्षे ने जनवरी 2022 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी।
अद्यतन - मार्च 31, 2022 1:28 अपराह्न

श्रीलंका के बल्लेबाज भानुका राजपक्षे इस समय भारत में जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 15वें सीजन में पंजाब किंग्स (PBKS) का हिस्सा है। उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाफ जारी आईपीएल (IPL) 2022 में पंजाब किंग्स (PBKS) के पहले मैच में खेलने का भी मौका मिला, और वह अपनी छाप छोड़ने में कामयाब भी रहे।
फिटनेस मुद्दों के कारण श्रीलंका क्रिकेट टीम से बाहर किए जाने के बाद 30 साल के बल्लेबाज ने जनवरी 2022 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी। हालांकि, श्रीलंका क्रिकेट (SLC) के अधिकारियों के जोर देने पर एक हफ्ते बाद ही भानुका राजपक्षे ने अपना फैसला वापस ले लिया था।
श्रीलंकाई बल्लेबाज का मानना है कि एक खिलाड़ी के लिए कौशल सबसे अहम होता है, लेकिन साथ ही कहा जरूरी फिटनेस मानक हासिल किए बिना आधुनिक युग में क्रिकेट में बने रहना असंभव है। अब भानुका राजपक्षे दुनिया के सबसे फिट क्रिकेटरों में से एक विराट कोहली से फिटनेस को लेकर बातचीत करना चाहते हैं।
विराट कोहली की फिटनेस के मुरीद हुए भानुका राजपक्षे
विराट कोहली अपनी फिटनेस को लेकर बहुत सजग रहते हैं, और श्रीलंकाई बल्लेबाज ने खुलासा किया हैं कि वह भारत के पूर्व कप्तान द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले आहार को जानना चाहते हैं। वह विराट कोहली के शानदार फिटनेस के रहस्य के बारे में अधिक जानने के लिए उत्सुक हैं। दाएं-हाथ के तेजतर्रार बल्लेबाज की कमाल की फिटनेस से प्रभावित होकर भानुका राजपक्षे ने विराट कोहली को क्रिकेट का क्रिस्टियानो रोनाल्डो कहा।
श्रीलंकाई बल्लेबाज ने उम्मीद जताई आईपीएल (IPL) 2022 के दौरान पंजाब किंग्स (PBKS) के साथ दो महीने बिताने से उनके खेल को बहुत फायदा मिलेगा और वह अपनी फिटनेस को अगले स्तर तक ले जाने में कामयाब होंगे।
भानुका राजपक्षे ने इंडियन एक्सप्रेस के हवाले से कहा: “पंजाब किंग्स टीम के बाहर, विराट कोहली हमेशा ऐसे व्यक्ति है, जिनसे मैं बात कर सकता हूं और फिटनेस पर कुछ सलाह ले सकता हूं। जब फिटनेस की बात आती है तो उनका कोई मुकाबला नहीं हैं। मेरे लिए वह निश्चित रूप से क्रिकेट के क्रिस्टियानो रोनाल्डो है। वह अपनी फिटनेस पर जो काम करते है, उसका परिणाम स्पष्ट रूप से आप देख सकते हैं। फिटनेस या कौशल के मामले में आप उनकी तुलना किसी से भी कर सकते है। वह बहुत मेहनती है, आप उससे बात करके बहुत कुछ सीख सकते हैं।”
उन्होंने आगे कहा: “एक खिलाड़ी के तौर पर आपको अपनी फिटनेस की जरूरत होती है, लेकिन यह हर व्यक्ति के लिए अलग हो सकती है। मेरे लिए, जाहिर है, कौशल पहले आता है और फिर फिटनेस। लेकिन अगर आप पर्याप्त रूप से फिट नहीं हैं, तो आप निश्चित रूप से प्रदर्शन नहीं कर सकते। मैं वास्तव में अपनी फिटनेस पर कड़ी मेहनत कर रहा हूं। जब भी मुझे खाली समय मिलता है तो मैं सुबह जल्दी जिम जाता हूं।”