IPL 2022: आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के मारने वाले खिलाड़ियों की सूची पर डालें एक नजर
आईपीएल एक ऐसा टूर्नामेंट है जहां हर टीम में विस्फोटक बल्लेबाजों का होना जरूरी माना जाता है।
अद्यतन - मार्च 14, 2022 9:05 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 15वें संस्करण की की शुरुआत में केवल दो हफ्ते बचे हैं। इस टूर्नामेंट में फैंस हवाई छक्कों का भरपूर लुत्फ उठाते हैं और यह एक ऐसा प्रारूप है जहां हर टीम में पॉवर हिटर का होना जरूरी माना जाता है। टीम अंतिम ओवरों के दौरान अपने विस्फोटक बल्लेबाजों को मैदान में उतारती है जो तेजी से टीम के स्कोर को आगे ले जाने में मदद करते हैं। हम ऐसे विस्फोटक बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं जिन्होंने अभी तक इस लीग में सबसे ज्यादा छक्के लगाए हैं।
IPL इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज
क्रिस गेल एक ऐसे बल्लेबाज हैं जो गेंद को आसानी से बाउंड्री के पार आसानी से पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने लीग में 141 पारियों अभी तक 357 छक्के लगाये हैं और इस सूची में पहले स्थान पर हैं। उनका 148.96 का स्ट्राइक रेट किसी भी गेंदबाज के अंदर डर पैदा करने के लिए काफी है। बांए हाथ के बल्लेबाज ने अपने अभी तक के IPL करियर में 6 शतकों और 31 अर्धशतकों की मदद से 4965 रन बनाए हैं।
क्रिस गेल के बाद साउथ अफ्रीका के महान बल्लेबाज एबी डी विलियर्स IPL में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। मिस्टर 360 डिग्री ने IPL में 170 पारियों में 251 छक्के लगाये हैं और अपने IPL करियर में 40 अर्द्धशतक के साथ 5162 रन बनाए हैं। उन्होंने दिल्ली और बैंगलोर के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इस सूची में तीसरा नाम मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान रोहित शर्मा का है। भारतीय खिलाड़ियों में रोहित IPL में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं। रोहित के नाम लीग में 227 छक्के हैं जो उन्होंने 208 पारियों में लगाये हैं। रोहित ने अपने नेतृत्व में मुंबई टीम को 5 बार खिताबी जीत दिलाई है, इसके अलावा उन्होंने अपनी टीम के लिए 213 मैचों में 5611 रन बनाये हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को आगे ले जाने वाले महेंद्र सिंह धोनी भी छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों में पीछे नहीं हैं। उन्होंने 193 पारियों में 219 छक्के लगाए हैं और इस सूची में चौथे स्थान पर काबिज हैं। वह 2008 में उद्घाटन सत्र के बाद से CSK का नेतृत्व कर रहे हैं और टीम को अभी तक 4 बार IPL का खिताब दिला चुके हैं।
मुंबई इंडियंस के विस्फोटक बल्लेबाज कायरन पोलार्ड भी सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों में शीर्ष पांच में हैं। उन्होंने अब तक खेली गई 160 पारियों में 214 छक्के लगाए हैं। पोलार्ड टीम के मध्यक्रम में अहम भूमिका निभाते हैं उन्होंने IPL करियर में 29.98 की औसत से 3268 रन बनाए हैं इसमें 16 अर्धशतक शामिल हैं।
यहां पर देखिए IPL इतिहास में अब तक सर्वाधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी:
खिलाड़ी | पारियां | रन | औसत | छक्के |
क्रिस गेल | 141 | 4965 | 39.72 | 357 |
एबी डी विलियर्स | 170 | 5162 | 39.70 | 251 |
रोहित शर्मा | 208 | 5611 | 31.17 | 227 |
महेंद्र सिंह धोनी | 193 | 4746 | 39.55 | 219 |
कायरन पोलार्ड | 160 | 3268 | 29.98 | 214 |
आखिर अपडेट 14 मार्च 2022 तक