T20 World Cup के वो टॉप records जो आगामी संस्करण में टूट सकते हैं
टी-20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत अपना पहला मैच आयरलैंड के खिलाफ खेलेगा।
अद्यतन - मई 29, 2024 3:01 अपराह्न

टी20 वर्ल्ड कप का आगाज दो जून से हो रहा है, इस साल यह टूर्नामेंट USA और वेस्टइंडीज की मेजबानी में खेला जाएगा। हर वर्ल्ड कप के तरह इस वर्ल्ड कप में भी कुछ रिकॉर्ड्स टूटेंगे तो कुछ नए रिकॉर्ड बनेंगे। इस आर्टिकल में आज हम उन टी20 वर्ल्ड कप रिकॉर्ड के बारे में बात करेंगे जो इस संस्करण में टूट सकते हैं। वो रिकॉर्ड कौन से हैं आइए जानते हैं।
Top T20 World Cup records जो आगामी वर्ल्ड कप में टूट सकते हैं
सर्वाधिक चौके (Most Fours)
विराट कोहली ने आईसीसी मेंस टी-20 वर्ल्ड कप में अब तक 103 चौके लगाए हैं और वह श्रीलंका के महेला जयवर्धने से पीछे हैं जिनके नाम इस टूर्नामेंट में 111 चौके हैं। कोहली के पास पहले से ही टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है, और चेज मास्टर इस संस्करण में अपने नाम में एक और रिकॉर्ड बनाना चाहेंगे। रोहित शर्मा, जो 91 चौकों के साथ सूची में चौथे स्थान पर हैं और डेविड वार्नर जिनके नाम 86 चौकें हैं वो भी इस रिकॉर्ड को तोड़ना चाहेंगे।
सबसे तेज शतक (गेंदों के आधार पर) Fastest Hundred (by balls)
47 और 50 गेंदों में शतक के साथ, क्रिस गेल वर्तमान में मेंस टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज शतक के मामले में पहले और दूसरे स्थान पर हैं। नेपाल के जान निकोल लॉफ्टी-ईटन ने इस साल केवल 33 गेंदों पर सबसे तेज टी20 शतक लगाने के साथ, यह रिकॉर्ड खतरे में पड़ सकता है। वर्ल्ड कप के इस संस्करण में कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज शतक के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं।
फील्डर द्वारा सबसे अधिक कैच (Most catches by a fielder)
एबी डिविलियर्स वर्तमान में मेंस टी-20 वर्ल्ड कप में एक फील्डर के रूप में सर्वाधिक कैच लेने के मामले में 23 कैच के साथ लिस्ट में टॉप पर हैं। डेविड वॉर्नर 21 कैच के साथ इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं। इस टी-20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी इस रिकॉर्ड को अपने नाम करना चाहेगा। रोहित शर्मा और ग्लेन मैक्सवेल भी इस रिकॉर्ड को तोड़ने की रेस में बने हुए हैं क्योंकि वे दोनों 16-16 कैच के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं।
एक ही समय में तीनों आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम (First team to win all ICC Trophies at the same time)
पैट कमिंस की कप्तानी में पिछले साल ऑस्ट्रेलिया ने इतिहास रचा जब उन्होंने 2023 में आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप और आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप जीता। इस साल वेस्टइंडीज में उनके पास तीनों फॉर्मेट में आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाली इतिहास की पहली टीम बनने का मौका है। इसके अलावा, ऑस्ट्रेलिया ICC U19 मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप, ICC महिला T20 वर्ल्ड कप और ICC महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में भी गत चैंपियन है।
टूर्नामेंट के एक संस्करण में सर्वाधिक रन (Most Runs in a single edition of the tournament)
आईसीसी पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप के इस संस्करण में टीमों की कुल संख्या 16 से बढ़कर रिकॉर्ड 20 होने के साथ, टीमों के पास टूर्नामेंट में नौ मैच खेलने का मौका होगा। मैचों की संख्यां में इस वृद्धि के साथ, एक संस्करण में सर्वाधिक रनों के रिकॉर्ड के टूटने की उम्मीद है। वर्तमान में, यह रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। उन्होंने आईसीसी मेंस टी-20 वर्ल्ड कप के 2014 संस्करण में 6 मैचों में 319 रन बनाए थे।