CT2025: मोहम्मद शमी के पंजे ने बांग्लादेश को किया ढेर, तो दर्द में शतक जड़ तौहीद हृदोय ने जीता फैंस का दिल - क्रिकट्रैकर हिंदी

CT2025: मोहम्मद शमी के पंजे ने बांग्लादेश को किया ढेर, तो दर्द में शतक जड़ तौहीद हृदोय ने जीता फैंस का दिल

इस मैच में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 228 रन बनाए।

India VS BAN (Pic Source-X)
India VS BAN (Pic Source-X)

इस समय चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का महत्वपूर्ण मैच टीम इंडिया और बांग्लादेश के बीच दुबई में खेला जा रहा है। इस मैच में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 228 रनों का सम्मानजनक स्कोर बनाया। मुकाबले में बांग्लादेश की शुरुआत काफी खराब रही थी, लेकिन तौहीद हृदोय की शतकीय पारी ने टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया।

बता दें कि, बांग्लादेश ने पावरप्ले के भीतर ही अपने 5 विकेट मात्र 35 रन पर ही खो दिए थे। बांग्लादेश टीम का टॉप ऑर्डर अच्छी बल्लेबाजी करने में नाकाम रहा था। सौम्य सरकार, कप्तान नजमुल हसन शांतो और अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे। टीम की ओर से तंजीद हसन ने 25 रन बनाए। उन्हें शुरुआत तो मिली, लेकिन उसे बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर पाए।

हालांकि, 5 विकेट जल्द गिरने के बाद बांग्लादेश की ओर से तौहीद हृदोय और जेकर अली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए छठवें विकेट के लिए 154 रनों की साझेदारी की। बता दें कि, जेकर अली इस मैच में पहली गेंद पर आउट हो सकते थे, लेकिन रोहित शर्मा ने उनका कैच स्लिप में छोड़ दिया।

जेकर अली ने चार चौकों की मदद से 68 रन बनाए, जबकि तौहीद हृदोय ने 6 चौके और दो छक्कों की मदद से 100 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। रिशद हुसैन ने 18 रनों का योगदान दिया। टीम इंडिया की ओर से अनुभवी गेंदबाज मोहम्मद शमी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 53 रन देकर 5 विकेट झटके।

टीम इंडिया को मैच जीतने के लिए 229 रन की जरूरत है

मोहम्मद शमी के अलावा हर्षित राणा ने तीन विकेट झटके जबकि अक्षर पटेल ने दो विकेट हासिल किए। अक्षर पटेल इस मैच में अपनी हैट्रिक पूरी कर सकते थे लेकिन जाकिर अली का रोहित शर्मा ने कैच छोड़ दिया जिसकी वजह से बांग्लादेश ने भी टीम इंडिया के खिलाफ सम्मानजनक स्कोर बना दिया है।

 

टीम इंडिया के लिए इस मैच को जीतना बेहद जरूरी है। उन्हें मैच जीतने के लिए 50 ओवर में 229 रन बनाने हैं। तौहीद हृदोय की बात की जाए तो यह उनका अंतरराष्ट्रीय वनडे क्रिकेट में पहला शतक है।

close whatsapp