World Cup 2023: जल्द ही ऑस्ट्रेलिया की टीम में शामिल होगा ये धाकड़ ओपनर, इस साल 142 की स्ट्राइक रेट से…
इस साल ट्रैविस हेड ने ऑस्ट्रेलिया के लिए किया है शानदार प्रदर्शन।
अद्यतन - अक्टूबर 15, 2023 7:11 अपराह्न

वनडे वर्ल्ड कप 2023 में पांच बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम के सफर की शुरुआत काफी निराशाजनक रही। उन्हें अपने दोनों शुरुआती मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। इन दोनों ही मुकाबलों में उनके बल्लेबाज बुरी तरह फ्लॉप रहे। हालांकि इन सब के बीच ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए एक अच्छी खबर आई है।
दरअसल टीम के विस्फोटक ओपनर ट्रैविस हेड (Travis Head) अपने चोट से काफी अच्छी तरह से रिकवर कर रहे हैं और उन्होंने बल्लेबाजी भी शुरू कर दी है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो वो 25 अक्टूबर को नीदरलैंड्स के खिलाफ होने वाले ऑस्ट्रेलिया के लिए उपलब्ध हो सकते हैं।
हेड को वर्ल्ड कप 2023 के पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की वनडे सीरीज के चौथे मुकाबले में बाएं हाथ में चोट लग गई थी और बाद में यह पता चला कि उनके हाथ में फ्रैक्चर है। इस कारण उनके वर्ल्ड कप से बाहर होने का खतरा भी मंडरा रहा था लेकिन मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने बताया था कि वो टूर्नामेंट के दूसरे चरण तक फिट होने हो सकते हैं इसलिए उन्हें स्क्वॉड में शामिल किया गया।
अपनी इंजरी को लेकर ट्रैविस हेड ने दिया बड़ा अपडेट
अपनी इंजरी और वापसी को लेकर बात करते हुए, ट्रैविस हेड cricket.com.au को बताया, यह अच्छी तरह से चल रहा है, और शायद हमारी उम्मीद से बेहतर है, जब हमने सर्जरी नहीं कराने का फैसला किया, जिसका मतलब दस सप्ताह की रिकवरी होती, तो हमें बताया गया कि फिर से खेलने से पहले स्प्लिंट के साथ कम से कम छह सप्ताह लगेंगे।
इस योजना के अनुसार नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में छह सप्ताह से भी कम समय लगेगा जो काफी नजदीक है इसलिए इस समय सीमा तक पहुंचने के लिए सब कुछ यहां से पूरी तरह से ठीक जाना होगा। लेकिन हम देखेंगे कि अगले कुछ दिनों में कैसी रिकवरी रहती है और मैं सप्ताह के अंत में टीम के साथ जुड़ने के लिए काफी उत्साहित हूं।
गौरतलब हो कि बाएं हाथ का खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजी क्रम के लिए काफी अहम है और उनका प्रदर्शन भी काफी अच्छा रहा है। इस साल उन्होंने सात वनडे मुकाबलों में 48.20 की औसत से 241 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 141.76 का है।
यह भी पढ़ें: मुजीब उर रहमान के सामने जो रूट की एक ना चली, इंग्लैंड को लगा दूसरा झटका