रिंकू सिंह ने पहले यश दयाल पर बरपाया कहर और फिर लगाया मरहम
रिंकू सिंह को उनकी 21 गेंदों में 48* रनों की शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।
अद्यतन - Apr 10, 2023 5:36 pm

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के स्टार रिंकू सिंह ने गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ अपनी टीम को तीन विकेट की यादगार जीत दिलाने के बाद खुलासा किया कि उन्होंने यश दयाल को मैसेज किया और उन्हें प्रेरित करने की कोशिश की।
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बाएं-हाथ के बल्लेबाज ने 9 अप्रैल को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आखिरी ओवर में यश दयाल के खिलाफ लगातार पांच छक्के जड़कर अपनी टीम के लिए अविश्वसनीय जीत सुनिश्चित की और क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है।
रिंकू सिंह लोगों का दिल जीतने में माहिर है
एक तरफ जहां, रिंकू सिंह KKR को अकल्पनीय जीत दिलाने में मदद करने के बाद हीरो बन गए हैं, वहीं बाएं-हाथ के तेज गेंदबाज यश दयाल गुजरात टाइटंस (GT) के लिए विलेन बन गए, और वो इस पिटाई को शायद ही कभी भूल पाए। रिंकू को उनकी 21 गेंदों में 48* रनों की शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इस बीच, KKR के स्टार ने खुलासा किया कि उन्होंने मैच के बाद GT के तेज गेंदबाज को मैसेज किया और उनका हौसला बढ़ाने की कोशिश की। रिंकू सिंह ने इंडिया टुडे के हवाले से कहा: ‘मैं मैच के बाद यश को मैसेज किया और कहा कि क्रिकेट में ऐसा होता है, तुमने पिछले साल सच में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था। मैंने बस उसे थोड़ा प्रेरित करने की कोशिश की।’
आपको बता दें, यह कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की आईपीएल 2023 में दूसरी जीत थी और इससे मिले दो अंकों के साथ पर्पल आर्मी अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। अब कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) 14 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से अपने घरेलू मैदान ईडन गार्डन्स में भिड़ेगी। वहीं दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस 13 अप्रैल को मोहाली के पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में पंजाब किंग्स (PBKS) से भिड़ेगी।