‘एक बल्लेबाज के तौर पर वह गेंदबाज को कोई मौका नहीं देते..’- शुभमन गिल की तारीफ में हार्दिक पांड्या ने कही बड़ी बात
शुभमन गिल ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 52 गेंदो में 104 रनों की पारी खेली।
अद्यतन - May 22, 2023 12:47 pm

आईपीएल 2023 के लीग स्टेज के आखिरी मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 198 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस ने शुभमन गिल के 104 रनों की ताबड़तोड़ नाबाद पारी के बल पर जीत दर्ज की।
शुभमन गिल के शानदार प्रदर्शन के चलते रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर प्लेऑफ की रेस से बाहर हुई और पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस प्लेऑफ में क्वालीफाई कर पाई। वहीं मैच के बाद गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पांड्या जमकर शुभमन गिल की तारीफ करते हुए नजर आए।
दूसरे बल्लेबाजों को भी उससे आत्मविश्वास मिलता है- हार्दिक पांड्या
शुभमन गिल ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 52 गेंदो में 5 चौके और 8 छक्को की मदद से 104 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। शुभमन गिल इस सीजन 14 मैचों में 680 रन बनाकर ऑरेंज कैप की रेस में दूसरे पायदान पर मौजूद हैं।
RCB के खिलाफ जीत के बाद हार्दिक पांड्या ने शुभमन गिल की तारीफ करते हुए पोस्ट मैच प्रजेंटेशन पर बात करते हुए कहा, ‘लड़को में जो शांति थी वो कमाल की थी हम मोमेंटम को जारी रखना चाहते थे। गिल जानते हैं कि जब वह उन क्रिकेटिंग शॉट्स को खेलते हैं तो वह अलग ही होते है।’
‘आज उसने जिस तरह के विकल्प चुनें और जिस तरह की जगहों पर वह हिट कर रहे थे। एक बल्लेबाज के तौर पर वह कोई मौका नहीं देता यही उसे खास बनाता है। और दूसरे बल्लेबाज को भी उससे आत्मविश्वास मिलता है।’
इस साल हमारे लिए अलग चुनौती थी- हार्दिक पांड्या
विराट कोहली ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 101 रनों की शानदार पारी खेली। जिसके बल पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 197 रन बोर्ड पर लगाए थे। हार्दिक पांड्या विराट कोहली की शानदार पारी की भी जमकर प्रशंसा करते हुए नजर आए।
हार्दिक पांड्या ने कहा, ‘विराट ने अच्छी पारी खेली, उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी की लेकिन हमने डेथ में अच्छी गेंदबाजी की, मैं गेंदबाजों से इससे बेहतर कुछ और नहीं मांग सकता था।’
‘पिछले साल हमने अच्छा किया था, चीजें हमारे अनुसार थी, इस साल हमारे लिए अलग चुनौती थी। हम यह चाह रहे थे कि वे हमें चुनौती दे। लड़को ने शानदार कैरेक्टर दिखाया। बहुत सारा श्रेय उन लड़को को जाता है जिस तरह से उन्होंने पूरी मेहनत की है।’