डेविड मलान और क्रिस वोक्स के शानदार प्रदर्शन के दम पर इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 7वें टी-20 में मात देने के साथ सीरीज को किया अपने नाम - क्रिकट्रैकर हिंदी

डेविड मलान और क्रिस वोक्स के शानदार प्रदर्शन के दम पर इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 7वें टी-20 में मात देने के साथ सीरीज को किया अपने नाम

इंग्लैंड की तरफ से डेविड मलान ने 78 रनों की शानदार नाबाद पारी खेली।

Dawid Malan (Photo Source: twitter)
Dawid Malan (Photo Source: twitter)

पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच में खेली जा रही 7 मैचों की टी-20 सीरीज के 6 मुकाबले पूरे होने के बाद सीरीज 3-3 की बराबरी पर बनी हुई थी। जिसके बाद सीरीज का आखिरी मुकाबला लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में 2 अक्टूबर को खेला गया। इस मैच में मेहमान टीम इंग्लैंड ने 67 रनों से जीत हासिल करने के साथ सीरीज को भी 4-3 से अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की। टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले इंग्लैंड की टीम के लिए यह जीत उनकी तैयारियों के परखने के लिए काफी अच्छी कही जा सकती है।

इस मुकाबले में इंग्लैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाए थे, जिसमें डेविड मलान ने नाबाद 78 और जबकि हैरी ब्रुक ने नाबाद ने 46 रनों की पारी खेली थी। वहीं इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान पाकिस्तानी टीम लगातार दबाव में दिखी और 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 142 रन ही बनाने में कामयाब हो सकी।

डेविड मलान और हैरी ब्रुक के प्रहार से पस्त हुए पाकिस्तानी गेंदबाज

7वें टी-20 मुकाबले में पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जिसके बाद इंग्लैंड की तरफ से ओपनिंग में उतरे फिलिप सॉल्ट और एलेक्स हेल्स के बीच में पहले विकेट के लिए 39 रनों की तेज साझेदारी देखने को मिली, लेकिन इसी स्कोर पर टीम के दोनों ही ओपनिंग बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। जिसके बाद इंग्लैंड की टीम पहले 6 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 57 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब हो सकी।

यहां से डेविड मलान ने एक छोर से तेज गति के साथ रन बनाने का जिम्मा संभाला जिसमें उनको पहले बेन ड्यूकेट का साथ मिला जो 19 गेंदों में 30 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटे। वहीं इसके बाद हैरी ब्रुक ने मलान का साथ देते हुए 20 ओवरों तक कोई और विकेट नहीं गिरने दिया। जिससे इंग्लैंड की टीम ने 3 विकेट के नुकसान पर 209 रन स्कोरबोर्ड पर टांग दिए। मलान के बल्ले से 47 गेंदों में 8 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 78 रनों की पारी देखने को मिली।

क्रिस वोक्स और डेविड विली की शानदार गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड ने सीरीज की कब्जे में

210 रनों के स्कोर का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम की सभी उम्मीद कप्तान बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान की ओपनिंग जोड़ी से थी, जिनसे एक बेहतर शुरुआत टीम चाह रही थी। लेकिन 5 के ही स्कोर पर टीम ने अपने इन दोनों ही बल्लेबाजों को गंवा दिया जिससे पाकिस्तानी टीम की इस मुकाबले में जीतने की उम्मीद शुरू में ही पूरी तरह से खत्म हो गई। 33 के स्कोर पर टीम ने इफ्तिखार अहमद के रूप में अपना तीसरा विकेट भी गंवा दिया, जिससे पहले 6 ओवर में पाकिस्तान सिर्फ 37 के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी।

यहां से उनके लिए मैच में वापसी करना बिल्कुल भी आसान काम नहीं था, जिसमें टीम लगातार अंतराल में अपने विकेट गंवा रही थी। 99 के स्कोर तक आधी पाकिस्तानी टीम पवेलियन लौट चुकी थी, शान मसूद के बल्ले से जरूर 43 गेंदों में 56 रनों की पारी देखने को मिली लेकिन दूसरे छोर से उन्हें उम्मीद के अनुसार साथ नहीं मिल सका, जिसके चलते टीम 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 142 रन ही बनाने में कामयाब हो सकी। इंग्लैंड की तरफ से क्रिस वोक्स ने 3 जबकि डेविड विली ने 2 विकेट अपने नाम किए।

यहां पर देखिए इंग्लैंड की जीत पर सोशल मीडिया पर सभी ने दी किस तरह से अपनी प्रतिक्रिया:

https://twitter.com/43and49allout/status/1576636008178757632

close whatsapp