सूर्यकुमार यादव की शतकीय पारी ने जीता सभी का दिल लेकिन इंग्लैंड ने तीसरे टी-20 मैच में हासिल की 17 रनों से जीत - क्रिकट्रैकर हिंदी

सूर्यकुमार यादव की शतकीय पारी ने जीता सभी का दिल लेकिन इंग्लैंड ने तीसरे टी-20 मैच में हासिल की 17 रनों से जीत

सूर्यकुमार यादव ने इस मुकाबले में 117 रनों की शानदार पारी खेली लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

Suryakumar Yadav. (Photo by LINDSEY PARNABY/AFP via Getty Images)
Suryakumar Yadav. (Photo by LINDSEY PARNABY/AFP via Getty Images)

इंग्लैंड और भारत के बीच में खेली जा रही 3 मैचों की टी-20 सीरीज का अंत नॉटिंघम के मैदान में मेजबान टीम इंग्लैंड की 17 रनों से जीत के साथ हो गई। हालांकि इस मुकाबले में सूर्यकुमार यादव की 117 रनों की पारी ने सभी का दिल जरूर जीतने का काम किया। इस मैच में इंग्लैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 215 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही जिसमें डाविड मलान के 77 रनों की पारी ने अहम भूमिका अदा की।

मलान और लिविंगस्टोन ने खेली धमाकेदार पारी और पहुंचाया 200 के पार

इंग्लैंड के कप्तान जॉस बटलर ने इस मुकाबले में टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। जिसके बाद इस मुकाबले में भारतीय टीम की तरफ से एक नया गेंदबाजी अटैक देखने को मिला। जिसके चलते बटलर और रॉय की ओपनिंग जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 31 रन जोड़े। इसके बाद बटलर को आवेश खान ने बोल्ड करते हुए इंग्लैंड को पहला झटका देने का काम किया। हालांकि टीम इस बार पहले 6 ओवरों में 1 विकेट के नुकसान पर 52 रन के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही।

जेसन रॉय को 27 के निजी स्कोर पर उमरान मलिक ने पवेलियन भेजते हुए इंग्लैंड की टीम को दूसरा झटका दिया। यहां से एक छोर से डाविड मलान ने पारी को संभालते हुए तेजी के साथ रन बनाने का सिलसिला जारी रखा। जिसमें उन्होंने सभी भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक रुख अख्तियार रखा। जिसमें उन्हें लियम लिविंगस्टोन का साथ मिला और दोनों ने बीच के ओवरों में काफी तेजी के साथ रन बनाना शुरू किया।

डाविड मलान के बल्ले से 39 गेंदों में 77 रनों की पारी देखने को मिली, जबकि लिविंगस्टोन ने 29 गेंदों में नाबाद 42 रनों की पारी खेलते हुए टीम का स्कोर 200 के पार तक ले जाने में अहम भूमिका अदा की। जिससे इंग्लैंड की टीम 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 215 रन तक पहुंचने में कामयाब रही। भारतीय टीम की तरफ से गेंदबाजी में रवि बिश्नोई और हर्षल पटेल ने 2-2 विकेट हासिल किए जबकि आवेश खान और उमरान मलिक ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

सूर्यकुमार यादव ने लड़ी अकेली लड़ाई लेकिन नहीं दिला सके जीत

216 रनों के स्कोर का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही जिसमें टीम ने अपना पहला विकेट 2 के स्कोर पर ऋषभ पंत के रूप में गंवा दिया। वहीं इसके बाद विराट कोहली भी कुछ खास नहीं कर सके और 11 के निजी स्कोर पर वह भी पवेलियन लौट गए जबकि कप्तान रोहित शर्मा भी 11 रन बनाकर आउट हो गए। जिससे शुरुआती 6 ओवरों में भारतीय टीम ने अपने 3 विकेट गंवा दिए थे और स्कोर सिर्फ 34 रन ही था।

इसके बाद सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर ने टीम को इस मुकाबले में वापस लाने का प्रयास शुरू किया जिससे दोनों के बीच में 100 से अधिक रनों की साझेदारी देखने को मिली। जिससे एक समय भारतीय टीम इस मुकाबले में पूरी तरह वापस आ चुकी थी, लेकिन अहम समय पर अय्यर और उसके बाद कुछ विकेट जल्दी गंवाने की वजह से इंग्लैंड की टीम को वापसी का मौका मिल गया।

हालांकि सूर्यकुमार यादव ने एक छोर से लगातार प्रहार जारी रखा और अपना शानदार शतक भी पूरा किया। लेकिन 19वें ओवर की 5वीं गेंद पर वह 117 रन बनाकर मोईन अली की गेंद पर अपना विकेट दे बैठे जिससे भारतीय टीम की इस मैच में जीत हासिल करने की उम्मीदें भी खत्म हो गईं। भारतीय टीम इस मैच में 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 198 रन तक ही पहुंचने में कामयाब रही और उसे 17 रनों से हार का सामना करना पड़ा।

यहां पर देखिए इंग्लैंड की जीत पर सोशल मीडिया पर सभी ने दी किस तरह से प्रतिक्रिया:

https://twitter.com/ignored_banda/status/1546179923718549504?s=20&t=t1BCdJNBtbPzL6ieFoqLhg

https://twitter.com/Harsh_humour/status/1546178703012790272?s=20&t=t1BCdJNBtbPzL6ieFoqLhg

https://twitter.com/RomanaRaza/status/1546177942652260352?s=20&t=t1BCdJNBtbPzL6ieFoqLhg

https://twitter.com/pulkit5Dx/status/1546177853305237505?s=20&t=t1BCdJNBtbPzL6ieFoqLhg

close whatsapp