‘पहले खुद रन बनाने होंगे वरना जूनियर बोलेंगे…’- विराट कोहली के प्रदर्शन पर बड़े सवाल उठा रहे हैं इशांत शर्मा!
पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन के खेल के बाद यशस्वी जायसवाल (143 रन) और विराट कोहली (36 रन) पर नाबाद क्रीज पर मौजूद है।
अद्यतन - जुलाई 14, 2023 4:14 अपराह्न

वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा के शतकीय पारी के बल पर भारत ने दूसरे दिन के अंत तक 162 रनों की बढ़त बना ली है। डेब्यूडेंट यशस्वी जायसवाल (143 रन) और विराट कोहली (36 रन) पर नाबाद क्रीज पर मौजूद है। भारत को हाल ही में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था।
WTC फाइनल में टीम इंडिया को विराट कोहली से काफी उम्मीदें थी लेकिन विराट का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था। इसी बीच इशांत शर्मा का कहना है कि टीम में गहरा प्रभाव छोड़ने के लिए विराट को लगातार रन बनाने की जरूरत है।
उसे पता है कि युवाओं को कैसे तैयार करना है- इशांत शर्मा
पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली पिछले कुछ समय से टेस्ट क्रिकेट में खराब फॉर्म से जूझते हुए नजर आ रहे थे। लेकिन उन्होंने इसी साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट मैच में 186 रनों की पारी खेली थी। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में विराट कोहली ने अच्छी शुरूआत की है।
तीसरे दिन विराट कोहली अपना शानदार खेल दिखाते हुए विदेशी धरती पर टेस्ट शतक का सूखा खत्म करना चाहेंगे। इसी बीच इशांत शर्मा से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (2023-25) सायकल के दौरान युवा खिलाड़ियों को तैयार करने में कोहली की भूमिका के बारे में पूछा गया।
यह भी पढ़े- रोहित शर्मा-यशस्वी जायसवाल की शानदार पार्टनरशिप को देख फैंस को आई वसीम जाफर और सहवाग की याद
जिसका जवाब देते हुए इशांत शर्मा ने जियोसिनेमा पर कहा, ‘सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यदि आप एक सीनियर खिलाड़ी है, तो आपको पहले रन खुद बनाने होंगे। अन्यथा जूनियर भी पूछेंगे कि आपके सीनियर होने का क्या मतलब है। वह (विराट कोहली) जानते हैं कि युवाओं को कैसे तैयार करना है क्योंकि उन्होंने कई वर्षों तक भारतीय टीम की कप्तानी की है।’
इशांत शर्मा ने आगे बताया कि कैसे, विराट कोहली ने अपनी कप्तानी में ऋषभ पंत जैसे युवा खिलाड़ियों की बहुत मदद की है। कोहली ने खिलाड़ियों को अपनी तकनीक पर भरोसा करने और स्वभाविक खेल खेलने के लिए प्रोत्साहित किया। इशांत शर्मा ने आगे कहा, ‘यदि आपका कप्तान आपका समर्थन करता है, तो एक खिलाड़ी के रूप में यह बहुत महत्वपूर्ण बात हो जाती है।’