एशिया कप 2022: भारत ने हांगकांग के खिलाफ अपने दूसरे ग्रुप मुकाबले में जीत दर्ज करने के साथ सुपर-4 में अपनी जगह को किया पक्का - क्रिकट्रैकर हिंदी

एशिया कप 2022: भारत ने हांगकांग के खिलाफ अपने दूसरे ग्रुप मुकाबले में जीत दर्ज करने के साथ सुपर-4 में अपनी जगह को किया पक्का

सूर्यकुमार यादव ने सिर्फ 26 गेंदों में 68 रनों की शानदार नाबाद पारी खेली।

Virat Kohli and Suryakumar Yadav> (Photo Source: Twitter/BCCI)
Virat Kohli and Suryakumar Yadav> (Photo Source: Twitter/BCCI)

एशिया कप 2022 में ग्रुप-ए का दूसरा मुकाबला भारत और हांगकांग के बीच में दुबई के मैदान पर खेला गया। जिसमें भारतीय टीम ने मैच को 40 रनों से अपने नाम करने के साथ सुपर-4 में भी प्रवेश कर लिया है। बता दें कि भारतीय टीम ने अपने पहले ग्रुप मुकाबले में पाकिस्तान को 5 विकेट से मात दी थी। हांगकांग के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 192 रन बनाए, जिसमें सूर्यकुमार यादव ने जहां नाबाद 68 रन बनाए वहीं विराट कोहली ने नाबाद 59 रनों की पारी खेली।

इस बड़े लक्ष्य का दबाव हांगकांग की टीम पर साफतौर पर दिखाई दिया लेकिन टीम की तरफ से बाबर हयान ने जरूर 41 रनों की पारी खेली इसके बावजूद टीम 20 ओवरों में 160 रन तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी। भारत की तरफ से भुवनेश्वर, जडेजा, अर्शदीप और आवेश ने विकेट हासिल किए।

सूर्य नमस्कार के साथ कोहली ने भी दी फॉर्म में आने झलक

हांगकांग टीम के कप्तान निजाकत खान ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जिसके बाद भारत की तरफ से पारी की शुरुआत करने उतरे कप्तान रोहित शर्मा और लोकेश राहुल के बीच में पहले विकेट के लिए 38 रनों की साझेदारी देखने को मिली। जिसके बाद कप्तान रोहित शर्मा जहां 13 गेंदों में 21 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौट गए। वहीं भारतीय टीम पहले 6 ओवरों में 1 विकेट के नुकसान पर 44 रन तक पहुंचने में कामयाब हो सकी।

वहीं इसके बाद लोकेश राहुल और विराट कोहली के बीच में दूसरे विकेट के लिए अच्छी साझेदारी देखने को मिली। जिसमें भारतीय टीम को दूसरा झटका 94 के स्कोर पर लोकेश राहुल के रूप में लगा जो 39 गेंदों में 36 रनों की धीमी पारी खेलने के बाद पवेलियन लौटे। यहां से मैदान पर बल्लेबाजी करने उतरे सूर्यकुमार यादव ने अपने बल्ले का पूरा दम दिखाया।

जिसमें उन्होंने आते ही एक छोर से तेजी के साथ रन बनाने का सिलसिला शुरू किया वहीं दूसरे छोर से उन्हें विराट कोहली का भी पूरा साथ मिला। जिसके बाद एक समय जहां भारतीय टीम 170 के स्कोर तक पहुंचती दिख रही थी, वहीं सूर्यकुमार की पारी के चलते टीम इंडिया 20 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 192 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। सूर्यकुमार ने जहां 26 गेंदों में 6 चौके और 6 छक्कों की मदद से नाबाद 68 रनों की पारी खेली वहीं कोहली ने भी 44 गेंदों में 1 चौके और 3 छक्कों की मदद से 59 रनों की नाबाद पारी खेली।

बाबर हयात के बाद हांगकांग के किसी भी बल्लेबाज की एक ना चली

193 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हांगकांग टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही जिसमें उन्होंने अपना पहला विकेट 12 के स्कोर पर यासीन मुर्तजा के रूप में गंवा दिया। जिसके बाद निजाकत खान और बाबर हयात ने मिलकर तेजी के साथ रन बनाने का सिलसिला शुरू किया और जल्द ही टीम का अर्धशतक भी पूरा कर दिया। लेकिन 6वें ओवर की आखिरी गेंद पर कप्तान निजाकत रन आउट होकर पवेलियन लौट गए और उस समय हांगकांग टीम का स्कोर 51 रन था।

शुरुआती 6 ओवर खत्म होने के बाद हांगकांग टीम के लिए तेजी से रन बनाना मुश्किल दिखने लगा जिसमें भारतीय स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ वह बड़े शॉट खेलने में काफी मुश्किल में दिखाई दे रहे थे। जिसके बाद 74 के स्कोर पर टीम को तीसरा झटका बाबर हयात के रूप में लगा जो 35 गेंदों में 41 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटे। वहीं इसके बाद अंत में जीशान अली ने नाबाद 26 और स्कॉट मैकेक़ी ने जरूर 16 रनों की नाबाद पारी खेली लेकिन वह टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे। हांगकांग की टीम 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 152 रन ही बनाने में कामयाब हो सकी।

यहां पर देखिए भारतीय टीम की जीत पर सोशल मीडिया पर सभी ने दी किस तरह से अपनी प्रतिक्रिया:

https://twitter.com/EtherealRohit/status/1564994423942815745?s=20&t=7a4DARBnafqTeTTGT0AiEA

close whatsapp