जो रूट ने खेली मैच विनिंग नाबाद शतकीय पारी और इंग्लैंड की टीम को मिली लॉर्ड्स टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 विकेट से जीत - क्रिकट्रैकर हिंदी

जो रूट ने खेली मैच विनिंग नाबाद शतकीय पारी और इंग्लैंड की टीम को मिली लॉर्ड्स टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 विकेट से जीत

जो रूट ने नाबाद 115 रनों की मैच विनिंग पारी खेलते हुए टीम को शानदार जीत दिलाने का काम किया।

Joe Root (Photo by Gareth Copley/Getty Images)
Joe Root (Photo by Gareth Copley/Getty Images)

इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच में खेली जा रही 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच लॉर्ड्स क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया जिसमें खेल के चौथे दिन मेजबान इंग्लैंड की टीम ने 5 विकेट से मैच को अपने नाम करने के साथ सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। इंग्लैंड की इस शानदार जीत में टीम के पूर्व कप्तान जो रूट ने नाबाद मैच विनिंग शतकीय पारी खेलते हुए अहम भूमिका अदा की। वहीं इस मुकाबले में इंग्लैंड की तरफ से मैथ्यू पॉट्स ने 7 जबकि जेम्स एंडरसन ने 6 विकेट हासिल किए।

दोनों ही टीमों की पहली पारी सिमटी बेहद सस्ते में

न्यूजीलैंड की टीम ने इस मुकाबले में टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। जिसके बाद टीम को उम्मीद थी कि ओपनिंग बल्लेबाज बेहतर शुरुआत देने का काम करेंगे। लेकिन इसके बिल्कुल उलटा देखने को मिला जिसमें कीवी टीम ने अपने 5 विकेट सिर्फ 27 के स्कोर पर गंवा दिए थे। जिससे टीम के लिए इस स्थिति से निकलना काफी मुश्किल भरा हो गया था। हालांकि कॉलिन डी ग्रैंडहोम की 42 रनों की पारी के चलते टीम ने अपनी पहली पारी में 132 का स्कोर बना लिया। इंग्लैंड के लिए पहली पारी में गेंदबाजी में जेम्स एंडरसन और मैथ्यू पॉट्स ने 4-4 विकेट हासिल किए वहीं ब्रॉड और स्टोक्स ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

वहीं इसके बाद इंग्लैंड की टीम से पहली पारी में शुरुआत काफी बेहतर देखने को मिली जिसमें एलेक्स लीस और जैक क्राउली की ओपनिंग जोड़ी ने 59 रनों की साझेदारी की। लेकिन पहला विकेट गिरने के साथ कीवी टीम के गेंदबाजों का हौसला एक अलग स्तर पर देखने को मिला और 100 के स्कोर तक मेजबान टीम के 7 विकेट गंवा चुकी थी। जिसके बाद इंग्लैंड की टीम भी अपनी पहली पारी में 141 रन बनाकर सिमट गई। कीवी टीम की तरफ से पहली पारी में टिम साउदी ने 4, ट्रेंट बोल्ट ने 3 जबकि काइल जेमिसन ने 2 और ग्रैंडहोम ने 1 विकेट हासिल किया।

डेरिल मिचल और टॉम ब्लंडल की शानदार पारियों के दम पर कीवी टीम ने दिया 277 रनों का लक्ष्य

कीवी टीम के पास दूसरी पारी में बेहतर बल्लेबाजी करते हुए इस मैच में वापसी करने का शानदार मौका था। लेकिन टीम ने अपने पहले 4 विकेट सिर्फ 56 रन के स्कोर पर ही गंवा दिए जिससे यह मैच तीसरे दिन तक समाप्त होने की संभावना देखने को मिली। लेकिन यहां से डेरिल मिचल और टॉम ब्लंडल ने पारी को संभालते हुए दूसरी दिन टीम को और कोई झटका नहीं लगने दिया साथ ही एक मजबूत स्थिति में भी पहुंचाने का काम किया। पहले टेस्ट के तीसरे दिन जहां मिचल ने अपना शतक पूरा किया वहीं ब्लंडल 96 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौट गए।

जिसके बाद इंग्लैंड की टीम को इस मैच में जीत हासिल करने के लिए चौथी पारी में 277 रनों का लक्ष्य मिला। इंग्लैंड के लिए दूसरी पारी में गेंदबाजी में जेम्स एंडरसन ने 2 जबकि स्टुअर्ट ब्रॉड और मैथ्यू पॉट्स ने 3-3 विकेट अपने नाम किए।

277 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम के लिए यह बिल्कुल भी आसान काम नहीं होने वाला था। जिसमें टीम ने 69 के स्कोर तक अपने 4 अहम विकेट गंवा दिए थे। लेकिन यहां से जो रूट और कप्तान बेन स्टोक्स ने पारी को संभालते हुए 5वें विकेट के लिए 90 रनों की साझेदारी करते हुए टीम को फिर से मैच में वापस लाने का काम किया। हालांकि स्टोक्स 54 रनों की पारी खेलने के बाद आउट हो गए लेकिन रूट ने नाबाद रहते हुए 115 रनों की मैच विनिंग पारी खेली और टीम को 5 विकेट से जीत दिलाकर वापस लौटे।

यहां पर देखिए इंग्लैंड की जीत पर सोशल मीडिया पर सभी ने दी किस तरह अपनी प्रतिक्रिया:

close whatsapp