बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) पर अनिश्चितता, भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज पर लटकी तलवार! - क्रिकट्रैकर हिंदी

बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) पर अनिश्चितता, भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज पर लटकी तलवार!

15 साल तक सत्ता में रही शेख हसीना ने देश छोड़ दिया है, जिससे चीजें और खराब होने के आसार हैं।

Bangladesh Cricket Board (Image Credit- Twitter X)
Bangladesh Cricket Board (Image Credit- Twitter X)

भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश को इस समय राजनीतिक उथल-पुथल का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही इस वजह से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) भी प्रभावित हो रहा है। इससे बांग्लादेश क्रिकेट टीम के आगामी क्रिकेटिंग शेड्यूल पर खतरे की तलवार लटक रही है।

गौरतलब है कि देश में नौकरियों में कोटा प्रणाली के खिलाफ जो विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ था, वह तेजी से सरकार के खिलाफ बड़े पैमाने पर अशांति में बदल गया। बांग्लादेश में लगातार बढ़ रही हिंसा में अभी तक सरकारी आंकड़ों के अनुसार 300 से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं।

साथ ही देश में सुरक्षा व्यवस्था का अनुमान इस बात से ही लगाया जा सकता है कि देश में करीब 15 साल से सत्तारूढ आवामी लीग की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने देश छोड़ दिया है। दूसरी ओर, देश में इस राजनीतिक बवाल के बीच BCB को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बोर्ड के मुख्य अधिकारियों की अनुपस्थिति देश की वर्तमान स्थिति की गंभीरता को दर्शाती है। बता दें कि बीसीबी अध्यक्ष Nazmul Hassan Papon भी इस समय में देश में मौजूद नहीं है।

Nizamuddin Chowdhury ने जारी किया बयान

हालांकि, इस सब के बावजूद बीसीबी के कुछ अधिकारी काम पर जल्द लौट सकते हैं। उक्त मसले को लेकर डेली स्टार के हवाले से बोर्ड चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) Nizamuddin Chowdhury ने कहा-

स्थिति अभी भी थोड़ी अनिश्चित है और यह अभी भी जल्दबाजी होगी। इसका निरीक्षण करना सर्वोत्तम है। हम आज या कल में प्रस्थान करने वाले थे, लेकिन उसे स्थगित कर दिया गया है। लेकिन 48 घंटे में हम फैसला लेंगे।

खैर, अब देखने लायक बात होगी कि इस राजनीतिक अस्थिरता के बीच क्या बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड, नेशनल टीम को पाकिस्तान और भारत दौरे के लिए भेजेगा या नहीं। बता दें कि बांग्लादेश को अगस्त में दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान और दो टेस्ट व तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए सितंबर में भारत दौरे पर आना है।

close whatsapp