आर अश्विन का एक और विवादित बयान, कहा- रोहित की कप्तानी में खिलाड़ी सुरक्षित महसूस नहीं करते हैं
आर अश्विन ने कहा कि, दरअसल धोनी ने चीजों को काफी सरल रखा, मैंने माही की कप्तानी में कई साल खेला है।
अद्यतन - Jun 23, 2023 3:58 pm

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया, जिसमें टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा। वहीं भारतीय टीम को मिली इस हार पर कई दिग्गज खिलाड़ियों ने सवाल खड़े किए तो वहीं कई खिलाड़ियों ने टीम इंडिया के हार का कारण आर अश्विन का टीम में ना होना बताया।
हालांकि इन सबके बीच अश्विन ने भी महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी की जमकर तारीफ की। दरअसल उनका कहना था कि, धोनी के नेतृत्व में खिलाड़ियों में अपने खेल को लेकर सुरक्षा का भाव रहता था और MSD किसी भी आईसीसी ट्रॉफी के लिए अपने मुख्य 15 खिलाड़ियों को हमेशा मौका देते थे।
धोनी ने चीजों को काफी सरल रखा- आर अश्विन
दरअसल अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत करते हुए आर अश्विन ने कहा कि, ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए बधाई। यह एक शानदार फाइनल था और वे पूरी तरह से इस जीत के हकदार थे। हालांकि थोड़ा सा फायदा हुआ क्योंकि मार्नस लाबुशेन जैसे कुछ खिलाड़ियों ने काउंटी क्रिकेट में कुछ मैच खेले हैं। हालांकि एक टेस्ट मैच में आप वास्तव में यह नहीं कह सकते है कि कौन क्या करेगा, लेकिन वे पूरी तरह से इसके हकदार थे। पिछले WTC चक्र में भी वे मामूली अंतर से फाइनल के लिए क्वालीफाई करने से चूक गए। वे भारत की तरह ही एक कंसिस्टेंट टेस्ट टीम रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि, मुझे फैंस से सहानुभूति है, लेकिन सोशल मीडिया पर रिएक्शन कुछ ऐसा है कि इस खिलाड़ी को ड्रॉप करना चाहिए और इस खिलाड़ी को मौका देना चाहिए। लेकिन कोई खिलाड़ी रातों-रात नहीं बदलता। हममें से बहुत से लोग MS धोनी के नेतृत्व के बारे में बात करते हैं। धोनी ने क्या किया?
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, दरअसल धोनी ने चीजों को काफी सरल रखा। मैंने माही की कप्तानी में कई साल खेला है। वह 15 सदस्यों की एक टीम चुनते थे। फिर पूरे साल इन्हीं 15 और 11 खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरते थे। दरअसल एक खिलाड़ी के लिए सुरक्षा की भावना बहुत महत्वपूर्ण है।